Vistaar NEWS

Ambikapur: प्लेस ऑफ सेफ्टी होम में बच्चों को नहीं मिल रहा सही खाना, रात में गार्ड को धक्का देकर भागे 15 बच्चे, कई मामलों में थे बंद

Ambikapur News

प्लेस ऑफ सेफ्टी होम से 15 बच्चे भागे

Ambikapur: अंबिकापुर के प्लेस ऑफ सेफ्टी होम से गंभीर अपराध के मामले में बंद 15 नाबालिग रात में फरार हो गए. बताया जा रहा है कि नाबालिग आरोपियों को प्लेस ऑफ सेफ्टी होम में ठीक तरीके से भोजन नहीं दिया जाता है, जिसकी वजह से वे बेहद परेशान हैं.

यही वजह है कि रात में सभी बच्चे एकजुट हुए और उसके बाद गार्ड को धक्का देकर भाग निकले. इसकी जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस ने सभी नाबालिग बच्चों की खोजबीन करनी शुरू की. उसके बाद रात में पांच बच्चों को पुलिस ने बरामद किया. आज सुबह अब तक तीन अन्य बच्चों को भी बरामद किया जा चुका है. अभी भी 7 बच्चे फरार बताए जा रहे हैं.

प्लेस ऑफ सेफ्टी होम से 15 नाबालिग बच्चे फरार

जानकारी के अनुसार प्लेस ऑफ सेफ्टी होम में जब यह घटना हुई तब कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं था पूरा परिसर गार्ड के भरोसे था. रात में बच्चे जब फरार हुए तब मौके पर सिर्फ दो गार्ड थे और एक गार्ड के साथ उन्होंने मारपीट भी की और दूसरे गार्ड को धक्का देते हुए फरार हो गए बताया जा रहा है कि बच्चों को लंबे समय से ठीक तरीके से भोजन नहीं दिया जा रहा था. वहां बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की क्वालिटी भी ठीक नहीं रहती है. इतना ही नहीं बच्चों के साथ अधिकारी गाली-गलौज भी करते हैं यह तमाम शिकायत पिछले कई दिनों से आ रही थी लेकिन इस पर कार्यवाही नहीं हो रही थी और यही वजह है कि रात में बच्चे एकजुट हुए और पीछे के गेट से फरार हो गए.

कई मामलों में थे बंद

जो 15 बच्चे फरार हुए उनमें कई बच्चे हत्या, बलात्कार और हत्या की कोशिश जैसे गंभीर अपराध के मामलों में यहां रखे गए हैं. यह भी बताया जा रहा है कि महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों के द्वारा कड़ी कार्रवाई नहीं किए जाने की वजह से यहां के ऐसे संस्थानों में बेहद लापरवाही बढ़ती जा रही है. इससे पहले भी कई बार बच्चे यहां से भाग चुके हैं. इस केंद्र का संचालन महिला बाल विकास विभाग के द्वारा ही किया जाता है.

ये भी पढ़ें- Raipur: बैडमिंटन खेलते समय कारोबारी की कार्डियक अरेस्ट से मौत, Video आया सामने

हालांकि इस पूरे मामले को लेकर सरगुजा पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने बताया कि 15 बच्चे फरार हुए थे जिसमें से रात में ही पांच बच्चों को खोज लिया गया था. तीन बच्चों को आज सुबह खोजा गया है. बाकी बच्चों की तलाश की जा रही है. उन्होंने कहा कि बच्चों से पूछताछ की जाएगी और फिर नियम अनुसार आगे की कार्रवाई होगी.

Exit mobile version