Ambikapur News: सरगुजा जिले के अंबिकापुर में कृषि विभाग की एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है. कृषि विभाग के इंस्पेक्टर ने अंबिकापुर दरिमा रो स्थित महामाया कोल्ड स्टोर में छापा मार कार्रवाई की, जहां पर करीब 1 करोड़ रुपए का अवैध बीज भंडारण मिला. हैरानी की बात तो यह है कि इसमें से कई कंपनियों का बीज एक्सपायर हो चुका है, जिसे कंपनियों ने यहां पर रखा हुआ है. कृषि विभाग के अधिकारियों को आशंका है कि इस बीज को बारिश आने पर किसानों को बेचा जाता. तब बीज पैकेट में लिखे गए एक्सपायरी डेट को मिटाकर फिर से किसानों को बेच दिया जाता.
कृषि विभाग ने मारा छापा
अंबिकापुर में कृषि विभाग ने मां महामाया कोल्ड स्टोर में छापा मार कार्रवाई की. कृषि विभाग को सूचना मिली थी कि कोल्ड स्टोर में अवैध तरीके से अलग-अलग बीज कंपनियों का बीज व्यापारियों के द्वारा भंडारित कर रखा गया है. इसके बाद इस बीज को आने वाले खरीफ के सीजन में खपाया जाता. तब व्यापारियों के द्वारा कहा जाता कि यह बीज सीधे कंपनी से आ रही है. वहीं, व्यापारी इस बात का शोर मचाते हैं कि जो बीज उनके पास बिकने से बच जाता है उसे कंपनी को वापस करते हैं लेकिन इस कार्रवाई में पूरी गड़बड़ी सामने आ गई है.
मिले एक्सपायर्ड बीज
रेड में कई कंपनियों का बीज मिला जो एक्सपायर हो चुका है और कुछ कंपनियों का बीज एक्सपायर होने के करीब पहुंच चुका है. इसके बावजूद इस बीज को यहां से व्यापारी ले जाते हैं और फिर उसमें लिखे गए एक्सपायरी की तारीख को मिटाकर नई एक्सपायरी की तारीख लिख देते हैं, जिसकी वजह से किसान गड़बड़ी को नहीं समझ पाते हैं.
नोटिस जारी
गड़बड़ी के इनपुट के बाद कृषि विभाग के अधिकारी कोल्ड स्टोर पहुंचे और कोल्ड स्टोर संचालक को नोटिस जारी किया. उसके बाद कोल्ड स्टोर के भीतर जांच शुरू की गई. जांच में पता चला कि धान, मक्का, सरसों के अलावा अलग-अलग अनाज का बीज बड़े पैमाने पर भंडारित कर रखा गया है. कोल्ड स्टोर संचालक घनश्याम अग्रवाल ने बताया कि तीन व्यापारियों के द्वारा कोल्ड स्टोर में बीज रखा गया है, जिसमें से एक व्यापारी अंबिकापुर का है तो दूसरा व्यापारी बगीचा का रहने वाला है. वहीं, बड़े पैमाने पर धान और मक्का बीज रखने वाला व्यापारी राजपुर क्षेत्र का रहने वाला है.
सरगुजा संभाग में बड़े स्तर पर हाइब्रिड बीज का व्यापार किया जाता है और किसान हमेशा शिकायत करते हैं कि उन्होंने नामी कंपनी का बीज उपयोग में लिया है. उसके बावजूद उत्पादन सही तरीके से नहीं हुआ. माना जा रहा है कि बीज कंपनी व्यापारियों से मिली भगत कर एक्सपायरी बीज को हर साल किसानों बेच देते हैं.
कृषि विभाग के इंस्पेक्टर सोहन भगत ने बताया कि कोल्ड स्टोर में करीब एक करोड़ रुपए का अवैध तरीके से भंडारित बीज मिला है. कोल्ड स्टोर संचालक से यहां पर अवैध तरीके से बीज भंडारित करने वाले व्यापारियों के बारे में डिटेल लिया जा रहा है. उसके बाद उन व्यापारियों को नोटिस जारी किया जाएगा और फिर उनसे जवाब मांगा जाएगा. इसके अलावा कंपनियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
