Ambikapur News: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिला स्थित अंबिकापुर शहर में बड़े घोटाले का खुलासा हुआ है. लखनपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत केवरा में जो पुलिया 1 लाख की सीमेंट पाइप से बननी थी उसके निर्माण में 10 लाख रुपए खर्च हो गए. जानें पूरा मामला-
क्या है पूरा मामला?
पूरा मामला लखनपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत केवरा का है. यहां गौड़ खनिज मद में गड़बड़ी का मामला सामने आया है. यहां पर करीब 1 लाख रुपए की लागत से बनकर तैयार होने वाली पुलिया के निर्माण में 10 लाख रुपए खर्च किया गया है.
इंजीनियर पर संदेह
- इस पूरे काम में संबंधित इंजीनियर की भूमिका संदिग्ध है, क्योंकि जिस निर्माण कार्य की लागत 1-2 लाख रुपए हो सकती थी, उसके लिए 10 लाख रुपए का एस्टीमेट तैयार किया गया.
- बताया जा रहा है कि कमीशनखोरी के चक्कर में लागत की राशि बढ़ाई गई और अब इस पूरे निर्माण कार्य पर सवाल उठने लगे हैं.
- दूसरी तरफ स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस जगह पर इतनी लागत की पुलिया की जरूरत नहीं थी वहां पर आखिर इस पुलिया को क्यों बनाया गया.
सरगुजा के लखनपुर में DMF मद के तहत कई निर्माण कार्यों की स्वीकृति मिली हुई है, लेकिन निर्माण कार्यों की क्वालिटी बेहद ही घटिया है. दूसरी तरफ निर्माण कार्यों के लिए तैयार किए गए एस्टीमेट पर भी लोग सवाल खड़े कर रहे हैं.
लोगों का कहना है कि डीएमएफ मद से जो निर्माण कार्य हो रहे हैं उसकी लागत दोगुनी है. ऐसे ही निर्माण कार्य दूसरे मद से कराए जाते हैं तो लागत कम हो जाती है. मतलब साफ है कि कमीशनखोरी के चक्कर में डीएमएफ के तहत होने वाले निर्माण कार्यों के एस्टीमेट इंजीनियरों के द्वारा अधिक रेट पर बनाया जाता है और यही वजह है कि लोग अब इस पर सवाल खड़े कर रहे हैं. ग्राम पंचायत केवरा में जहां पर यह पुलिया बनी है वहां जनपद कार्यालय की दूरी दो किलोमीटर से भी कम है और यहां पर दो सीमेंट का पाइप लगाकर भी काम हो सकता था, लेकिन जान बूझकर यहां पुलिया बनवाया गया है.
