Vistaar NEWS

बिलासपुर: RPF नागपुर मंडल की बड़ी कार्रवाई, 24 घंटे में 8 आरोपी गिरफ्तार

bilaspur_8_acussed_arrested

24 घंटे में 8 आरोपी गिरफ्तार

Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर RPF ने बड़ी कार्रवाई की है. रेलवे सुरक्षा बल (RPF), दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान- ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’, ‘ऑपरेशन रेल सुरक्षा’ और ‘ऑपरेशन नार्कोस’- के अंतर्गत मात्र 24 घंटे के अंदर चार अलग-अलग मामलों में कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. यह अभियान रेल संपत्ति की सुरक्षा, यात्री सामान की चोरी की रोकथाम तथा प्रतिबंधित मादक पदार्थों, अवैध शराब एवं अन्य अवैध वस्तुओं के परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से निरंतर चलाया जा रहा है.

24 घंटे में 8 आरोपी गिरफ्तार

15 फरवरी 2026 को राजनांदगांव रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर मध्यरात्रि चेकिंग के दौरान तीन संदिग्ध व्यक्तियों को यात्रियों की भीड़ में घूमते एवं उनके सामान की रेकी करते हुए पकड़ा गया. पूछताछ में उनके पास वैध यात्रा टिकट नहीं पाया गया, जिसके बाद उन्हें अग्रिम कार्रवाई हेतु जीआरपी डोंगरगढ़ को सुपुर्द किया गया.

इसके अलावा 17 फरवरी 2026 को गाड़ी संख्या 11754 की निगरानी के दौरान बालाघाट स्टेशन पर एक युवक को संदिग्ध अवस्था में अंधेरे से निकलकर ट्रेन में चढ़ते एवं रेकी करते हुए पकड़ा गया. पूछताछ में संतोषजनक उत्तर न मिलने पर जांच की गई, जिसमें साल 2016 से 2023 के बीच उसके खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट एवं अन्य धाराओं के तहत कुल 8 मामले दर्ज पाए गए. आरोपी को आगे की विधिक कार्रवाई हेतु जीआरपी को सौंपा गया.

महिला को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा

इसी कड़ी में ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत 17 फरवरी 2026 को गाड़ी संख्या 18109 टाटा-इतवारी एक्सप्रेस से गोंदिया स्टेशन पर एक महिला को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा गया. तलाशी के दौरान उसके ट्रॉली बैग से 10 किलो 335 ग्राम गांजा (अनुमानित मूल्य ₹5,16,750/-) तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया गया. आरोपी महिला के खिलाफ NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर शासकीय रेल पुलिस, गोंदिया द्वारा जांच प्रारंभ की गई है.

ये भी पढ़ें- बदहाल व्यवस्था! सरगुजा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वीपर ने कराया महिला का प्रसव, डिलीवरी के दौरान नवजात की मौत

इसके अलावा नैनपुर क्षेत्र में ग्वारीघाट स्टेशन के जबलपुर छोर स्थित नॉर्थ गुमटी (सिग्नल) का ताला तोड़कर केबल क्षतिग्रस्त करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए RPF द्वारा अपराध पंजीबद्ध किया गया. श्वान दस्ते एवं CCTV फुटेज की सहायता से तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया. आरोपियों ने पूछताछ में रेलवे गुमटी का ताला तोड़कर केबल काटने का अपराध स्वीकार किया है.

रेलवे की अपील

रेलवे सुरक्षा बल नागपुर मंडल यात्रियों से अपील करता है कि रेलगाड़ियों, स्टेशनों एवं परिसर में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या लावारिस वस्तु दिखाई देने पर तुरंत RPF पोस्ट, ड्यूटी स्टाफ या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.

Exit mobile version