CG Ration News: छत्तीसगढ़ के राशन कार्ड धारकों के लिए खुशखबरी है. जहां सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत प्रदेश के 82 लाख राशन कार्ड धारकों को फरवरी 2026 में ही दो महीने का चावल एकमुश्त दिया जाएगा.
फरवरी में ही मिलेगा दो महीने राशन
मिली जानकारी के मुताबिक, फरवरी माह में ही मार्च का भी वितरण किया जाएगा. सभी कलेक्टरों और राज्य नागरिक आपूर्ति निगम को निर्देश दिए गए हैं कि वितरण व्यवस्था समय पर और सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाए.
किन राशन कार्ड धारकों को होगा लाभ?
- राज्य योजना के अंतर्गत आने वाले अंत्योदय, प्राथमिकता, एकल निराश्रित और निःशक्तजन राशनकार्डधारियों को फरवरी में ही दो माह (फरवरी और मार्च) की पात्रता के अनुसार सामान्य (नानफोर्टिफाइड) चावल दिया जाएगा.
- यह आबंटन एकमुश्त जारी किया गया है, इसलिए दुकानों में पर्याप्त भंडारण करने को कहा गया है.
- चावल के अलावा नमक, शक्कर और गुड़ का आबंटन भी फरवरी के लिए जारी किया गया है.
- इसके लिए संबंधित उचित मूल्य दुकानों को निर्देशित किया गया है कि सभी सामग्रियों का वितरण आबंटन के अनुसार ही किया जाए.
बायोमेट्रिक सत्यापन जरूरी
बता दें कि हितग्राहियों को राशन उठाव के लिए ई-पास मशीन में पृथक-पृथक बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण करना होगा. इसके लिए एईपीडीएस साफ्टवेयर में आवश्यक व्यवस्था की जा रही है. अधिकारियों ने दुकानदारों को इसकी जानकारी पहले से देने को कहा है, ताकि वितरण के समय परेशानी न हो.
चावल के स्टॉक में हो सकती है परेशानी
बता दें कि प्रदेश में 15 नवंबर 2025 से धान खरीदी शुरू होने के बावजूद 31 जनवरी 2026 तक राइस मिलर्स से अपेक्षित मात्रा में चावल नहीं उठ पाया. मिलिंग धीमी होने से श्रमिक, उद्योग और आपूर्ति तंत्र पर व्यापक असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है.
