CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है. प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में रात की ठंड बढ़ने के आसार हैं.
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, हालांकि इसके बाद अगले तीन दिनों में रात के तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है. इससे विशेषकर सुबह और देर रात के समय ठंड का एहसास अधिक होगा.
इन जिलों में धुंध का असर
छत्तीसगढ़ के उत्तरी और मध्य जिलों में फिलहाल कोहरे का असर नहीं है, लेकिन धुंध छा रही है, राजधानी रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के ज्यादातर जिलों में धुंध का असर देखने को मिला है, जबकि दक्षिण छत्तीसगढ़ में मौसम पूरी तरह से साफ है.
इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने बताया कि छत्तीसगढ़ में कई भी तेज बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन रायपुर संभाग के जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, क्योंकि फिलहाल मौसम साफ हो रहा है, जिससे तेज बारिश की संभावना नहीं है.
अंबिकापुर सबसे ठंडा
तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो राजनांदगांव में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं, अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो ठंड के बढ़ते प्रभाव को दर्शाता है.
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर की बात करें तो 6 फरवरी की सुबह शहर में हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है. रायपुर में अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
ये भी पढ़ें- रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी! होली पर दिल्ली और दुर्ग के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, जानिए टाइमिंग और रूट
स्वास्थ्य विभाग ने बदलते मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी है. डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल सुबह और शाम को ठंड हो रही है, जबकि दोपहर में धूप बढ़ रही है, ऐसे मौसम में मौसमी बीमारियों में सर्दी जुखाम की समस्या बढ़ती है.
