CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने सा लगा है. फरवरी का महीना शुरू होते ही दिन में पारा चढ़ने लगा है, जिस वजह से गर्मी बढ़ गई है और लोगों को अभी से बेहाल करने लगी है. वहीं, कोहरा भी परेशानी बना हुआ है. मौसम विभाग ने मार्च तक रातों में ठंडक रहने की बात कही है. जानिए आज कैसा रहेगा मौसम-
आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक 7 फरवरी को प्रदेश के सभी जिलों में न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. अगले कुछ दिनों में रात का तापमान लुढ़क सकता है और 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है. ऐसे में रात और सुबह ठंड का एहसास ज्यादा होगा.
फरवरी में ही बेहाल करने लगी गर्मी
अभी फरवरी का महीना शुरू ही हुआ है और छत्तीसगढ़ में तापमान बढ़ने लगा है, जिससे दिन में गर्मी भी लोगों को बेहाल कर रही है. प्रदेश में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के पार जाने लगा है. वहीं, न्यूनतम तापमान भी 18 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज किया जा रहा है. जगदलपुर और रायपुर सबसे ज्यादा गर्म रिकॉर्ड हुए. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में दिन का पारा और चढ़ सकता है.
मार्च तक रात में पड़ सकती है हल्की ठंड
- मौसम विभाग के मुताबिक मार्च तक रात में हल्की ठंड रह सकती है.
- हालांकि, दिन में तापमान ज्यादा ही रहेगा.
- रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के ज्यादातर जिलों में धुंध और कोहरा छाया रहेगा.
- वहीं, दक्षिण छत्तीसगढ़ में मौसम पूरी तरह से साफ है.
रायपुर में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में रायपुर और रायपुर संभाग के जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. फिलहाल मौसम साफ हो रहा है, जिससे तेज बारिश की संभावना नहीं है.
