Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में होने वाली 9वीं और 11वीं की परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है. पहले 27 फरवरी को परीक्षा होने वाली थी.
9वीं और 11वीं की परीक्षा स्थगित
सरकारी स्कूलों में होने वाली 9वीं और 11वीं की परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है. बता दें कि 27 फरवरी से 9वीं और 11वीं की परीक्षा शुरू होने जा रही थी. वहीं अचानक टाइम टेबल जारी होने से कई सवाल खड़े हो गए थे. वहीं प्रदर्शन और विरोध के बाद परीक्षा स्थगित की गई है. संशोधित परीक्षा तिथि बाद में घोषित की जाएगी.
पहले 27 फरवरी को होनी थी परीक्षा
बता दें कि जिला शिक्षा अधिकारी ने 23 फरवरी को परीक्षा कार्यक्रम जारी करते हुए संबंधित स्कूलों को आवश्यक निर्देश भी दिए थे. अचानक परीक्षा कार्यक्रम घोषित होने से छात्र असमंजस में थे और तैयारी को लेकर चिंता जताई जा रही थी.
NSUI ने जल्दबाजी में परीक्षा तिथि तय करने का लगाया आरोप
बता दें कि टाइम टेबल को लेकर एनएसयूआई (NSUI) ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय रायपुर का घेराव किया था. संगठन ने परीक्षा तिथियों में संशोधन की मांग की थी. उनका कहना था कि विद्यार्थियों को पर्याप्त तैयारी का समय दिया जाना चाहिए.
NSUI ने आरोप लगाया कि पीएम श्री विद्यालयों की जांच के लिए दिल्ली से टीम के संभावित दौरे को देखते हुए विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जल्दबाजी में परीक्षा तिथि तय की गई है. उन्होंने कहा कि इस तरह की हड़बड़ी से छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। साथ ही वर्तमान में बोर्ड परीक्षाएं संचालित हो रही हैं. अनेक विद्यालयों में शिक्षकगण बोर्ड ड्यूटी में संलग्न हैं तथा विद्यालयों का पूरा शैक्षणिक वातावरण बोर्ड परीक्षा व्यवस्था में व्यस्त है. ऐसे समय में 9वीं एवं 11वीं की परीक्षा आयोजित करना विद्यार्थियों एवं शिक्षकों दोनों के लिए असुविधाजनक एवं अव्यवस्थित स्थिति उत्पन्न करेगा.
