CM Sai Exclusive Interview: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विस्तार न्यूज के साथ खास बातचीत की. इस इंटरव्यू के दौरान उन्होंने नक्सलवाद पर लगाम लगाने के लिए सरकार की रणनीति और बस्तर के विकास के प्लान के बारे में भी बताया. उन्होंने बताया कि नक्सलवाद के खात्मे की कल्पना आसान नहीं थी. केंद्र और राज्य सरकार के प्रयास से नक्सली पस्त हो रहे हैं.
नक्सलवाद पर लगाम लगाने के लिए क्या है सरकार का प्लान?
नक्सलवाद के खात्मे के लिए रणनीति के सवाल पर जवाब देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया- ‘हमें कभी लगता नहीं था कि इस समस्या का समाधान हो पाएगा.आज जब कर पा रहे हैं तो बहुत खुशी होती है. सौभाग्यशाली भी समझते हैं कि हमारे समय में हो रहा है. इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री जी के जवानों के अदम्य साहस के आभारी भी हैं.’
कैसे होगा बस्तर का विकास?
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर के विकास के लिए प्लान के सवाल पर जवाब देते हुए कहा- ‘बस्तर का क्षेत्र केरल प्रांत से भी बड़ा है, लेकिन पिछले 4 दशक से नक्सलवाद के कारण विकास से अछूता रहा. आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प और जवानों के साहस के कारण नक्सलवाद अंतिम सांस ले रहा है. इसके लिए डेडलाइन भी तय कर दी गई है और यह संकल्प पूरा होता हुआ दिखाई दे रहा है.’
उन्होंने आगे कहा- ‘जनजातीय बाहुल्य क्षेत्र जो चार दशकों से ज्यादा समय से विकास से अछूते रहे हैं वहां अब सड़क, राशन, बिजली और पानी पहुंचा पाने में सफल हो पा रहे हैं. पूरी तरह नक्सलवाद समाप्त होने के बाद पूरे इलाके में विकास के लिए प्लानिंग है.’
बस्तर के विकास के बारे में बात करते हुए CM साय ने आगे कहा- ‘बस्तर ओलंपिक दो साल से हो रहा है, बस्तर पंडुम का आयोजन हो रहा है, क्षेत्र में पहली बार स्कूल खुल रहे हैं, जहां कभी ध्वजारोहण नहीं हुआ वहां गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण हुआ ये बताता है कि वहां के लोग विकास और नक्सलवाद से मुक्ति चाहते हैं. उस क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं. होम स्टे को हम लोग बढ़ा रहे हैं, जिससे उस परिवार को आर्थिक लाभ होता है. पशुपालन को बढ़ा रहे हैं, एग्रीकल्चर को बढ़ाने के लिए सिंचाई को बढ़ा रहे हैं. गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि बस्तर को सबसे सुंदर आदिवासी संभाग बनाएंगे, जिसके लिए संसाधन जुटाए जा रहे हैं.’
