Vistaar NEWS

CG News: नगर निगम के सप्लाई वाले पेयजल में मिला खतरनाक ई-कोलाइटिस बैक्टीरिया, 45 से ज्यादा लोग हुए पीड़ित

More than 45 people are suffering from drinking contaminated water.

दूषित पानी पीने से 45 से ज्यादा लोग पीड़ित.

CG News: अंबिकापुर नगर निगम के द्वारा सप्लाई किए जाने वाली पेयजल में ई कोलाइटिस नामक खतरनाक बैक्टीरिया मिला है. इसकी वजह से लोग पीलिया से पीड़ित हुए हैं. वहीं दूसरी तरफ स्वास्थ्य विभाग क्षेत्र के लोगों का ब्लड सैंपल लेने की तैयारी कर रहा है, ताकि लोगों को गंभीर रूप से बीमार पड़ने या फिर बीमारी का लक्षण दिखने से पहले उनका इलाज किया जा सके. अब तक 45 से अधिक लोग पीलिया से पीड़ित हो चुके हैं. नगर निगम का अमला भी अब सक्रिय हो गया है और उसके द्वारा भी इलाके में पहुंचकर पेयजल का सैंपल लिया जा रहा है.

दूषित पानी लोगों के घरों में घुस रहा

अंबिकापुर नगर निगम के मोहम्मद किदवई वार्ड के पार्षद मोहम्मद हसन खान ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी कि उनके वार्ड में लोग दूषित पानी पीकर पीलिया से पीड़ित हो रहे हैं, उन्हें स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से पता चला है और इसके बाद अब नगर निगम की टीम पहुंचकर लोगों के घरों से पानी का सैंपल ले रही है. उन्होंने खुलासा किया कि उनके वार्ड में चार जगह पर पानी सप्लाई वाले पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण दूषित पानी प्रवेश कर रहा है और लोगों के घरों में पहुंच रहा है. जब तक इस समस्या को ठीक नहीं किया जाता है, तब तक लोगों के घरों में दूषित पानी आता रहेगा. उन्होंने बताया कि इसकी शिकायत पहले भी की गई है. लेकिन उसके बावजूद नगर निगम के द्वारा इस पर कार्रवाई नहीं की गई और इसकी वजह से लगातार लोगों के घरों में दूषित पानी आता रहा और यही वजह है कि लोग पीलिया जैसे गंभीर बीमारी से पीड़ित हुए हैं.

जांच में खतरनाक स्तर पर पानी में मिला है ई-कोलाइटिस

अंबिकापुर के नवागढ़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर जया अग्रवाल ने बताया कि इलाके में लगातार लोग पीलिया जैसी बीमारी से पीड़ित हो रहे हैं, और इसकी वजह से लोगों में बुखार और भूख नहीं लगने की समस्या हो रही थी. लगातार ऐसे मरीजों की संख्या देखने के बाद पानी की जांच करवाई गई. तब सैंपल की जांच में पता चला कि पानी में खतरनाक ई कोलाइटिस नामक खतरनाक कीटाणु मौजूद है. इसकी मात्रा अगर 5 से 10 तक पानी में पाया जाता है, तो वह ज्यादा गंभीर नहीं माना जाता है. लेकिन सैंपल की जांच में यहां 100 से अधिक की मात्रा में कीटाणु पाए गए हैं, जो बेहद ही निराशाजनक रिपोर्ट है और यही वजह है कि एक बार फिर क्षेत्र में स्वास्थ्य कार्यकर्ता सक्रिय हैं. मोमिनपुरा वार्ड क्रमांक 40 के लोगों का ब्लड सैंपल लेने की तैयारी चल रही है वहीं लोगों को पानी उबालकर पीने की सलाह दी जा रही है.

जल प्रभारी का गैर जिम्मेदाराना बयान आया सामने

अंबिकापुर नगर निगम के जल प्रभारी और असिस्टेंट इंजीनियर प्रशांत खुल्लर ने इस मामले में बेहद ही गैर जिम्मेदाराना बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी कि वार्ड में दूषित पानी की सप्लाई हो रही है. वार्ड के पार्षद ने भी उन्हें नहीं बताया कि ऐसी स्थिति वार्ड में बनी हुई है. पार्षद का कहना था कि जांच रिपोर्ट आने के बाद कुछ दिन बाद उन्हें पता चला कि उन्हें कल शाम को पता चला कि वार्ड में दूषित पानी सप्लाई की जा रही है और उसमें ई कोलाइटिस मिला है. उनका यह भी कहना था कि पीलिया से पीड़ित मिले हैं. उनके घर में सप्लाई किए जाने वाले पानी में बहुत अधिक मात्रा में ई कोलाइटिस नहीं मिला है.

नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदारों का बयान सुनकर स्पष्ट हो जा रहा है कि अगर स्वास्थ्य विभाग के द्वारा पानी का सैंपल लेकर जांच नहीं की जाती है तो नगर निगम के अधिकारियों की भी नींद नहीं खुलती. जबकि लोगों को शुद्ध पानी मिले, इसकी पहली जिम्मेदारी नगर निगम के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की है, क्योंकि लोग शुद्ध पानी के बदले ही टैक्स दे रहें हैं.

ये भी पढे़ं: CG News: बिलासपुर में 90 हजार की रिश्वत लेते फूड इंस्पेक्टर गिरफ्तार, एंटी करप्शन ब्यूरो ने रंगेहाथों पकड़ा

Exit mobile version