CG News: छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव असम में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए पार्टी के आदेश पर तीन दिवसीय प्रवास पर हैं. पार्टी ने साव को लखीमपुर लोकसभा की 9 विधानसभा सीट की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है. यह उनका दूसरा प्रवास है. पहले दौरे में उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के साथ प्राथमिक बैठक कर तैयारियों का आकलन किया था. वहीं अब दूसरे दौरे में ढकुआखाना, लखीमपुर, तिनसुकिया, धेमाजी में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव की रणनीति बनाई.
उप मुख्यमंत्री ने डबल इंजन सरकार के कार्यो पर की चर्चा
उप मुख्यमंत्री साव ने इस बैठक में जिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से डबल इंजन सरकार द्वारा युवाओं की तरक्की और माता-बहनों की सुरक्षा के लिए किए कार्यों पर चर्चा की. आगे उन्होंने कहा कि असम के लोकप्रिय मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने राज्य में बुनियादी ढांचे, शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्रों में अनेक विकास कार्य कराए हैं. वे विकसित असम के लक्ष्य को लेकर कार्य कर रहे हैं.
साव ने साथी कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के कुशल नेतृत्व में हुए विकास कार्यों को जन-जन तक और मोदी सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने के लिए संकल्पित किया. उन्होंने कहा कि विकसित असम के लक्ष्य को पूरा कर विकसित भारत के निर्माण का संकल्प पूरा करना है.
भाजपा के लिए पंच से लेकर पार्लियामेंट तक के चुनाव महत्वपूर्ण
साव ने कहा कि भाजपा के लिए पंच से लेकर पार्लियामेंट तक का चुनाव महत्वपूर्ण होता है, पार्टी इसे पूरी गंभीरता से लड़ती है. इसी तरह असम विधानसभा का चुनाव भी अत्यंत महत्वपूर्ण है. लखीमपुर लोकसभा की 9 की 9 विधानसभा सीटों पर कमल रथ आगे चल रहा है, हम विकास कार्यों से जनता जनार्दन का दिल जीतने के बाद चुनाव जीतते हैं. उन्होंने कहा कि उनका असम प्रवास चुनाव संपन्न होने तक जारी रहेगा.
ये भी पढे़ं- होली में शराब दुकान खुलने को लेकर सियासत, भूपेश बघेल बोले- इनको तीज-त्योहार से नहीं, पैसे से मतलब
