GPM News: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां शादी के लिए लड़की की उम्र 18 साल से कम थी, जिस वजह से उसके परिजन रोक रहे थे. इस बात से आहत प्रेमी जोड़े ने फांसी लगा ली. पूरी घटना सामने आने के बाद गांव में सब लोग चौंक गए हैं.
क्या है पूरा मामला?
- पूरा मामला पेंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम पनकोटा का है. यहां शादी में हो रही देरी से आहत प्रेमी जोड़े ने फांसी लगा ली.
- जानकारी के मुताबिक लड़के की उम्र 18 साल थी. उम्र कम होने के कारण परिजन शादी के लिए कुछ समय रुकने की बात कह रहे थे.
- दोनों परिवार के विरोध के चलते प्रेमी जोड़ा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शादी की तैयारी कर रहा था, लेकिन लड़के की उम्र कम होने के कारण शादी संभव नहीं हो सकी.
- इसी बात से परेशान होकर पहले युवती ने अपने घर में फांसी लगा ली.
- जब इस बात की जानकारी लड़के को मिली तो पहले उसने युवती को फांसी के फंदे से उतारा. इसके बादउसने भी घर के पास नीलगिरी प्लॉट में एक पेड़ से फांसी लगाकर जान दे दी.
- जानकारी के मुताबिक परिवार की सहमति से लड़का और लड़की गांव में एक ही घर में साथ रहते थे.
जांच में जुटी पुलिस
प्रेमी जोड़े द्वारा जान देने की खबर गांव मे आग की तरह फैल गई, जिसके बाद पेंड्रा पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी गई. घटना की जानकारी मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
10 फरवरी को होने वाला था सामूहिक विवाह
जानकारी के मुताबिक युवती की उम्र 19 साल थी, जबकि लड़के की उम्र 18 साल थी. दोनों 10 फरवरी को होने वाले मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शादी की तैयारी कर रहे थे. लेकिन लड़के की उम्र कम होने की वजह से शादी नहीं हो पाई. इससे दोनों दुखी और परेशान थे.
