CG News: होली पर्व से ठीक पहले प्रदेश की विष्णु देव साय सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए धान की अंतर की राशि उनके खातों में ट्रांसफर कर दी है. राशि मिलते ही किसानों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई. दुर्ग के विवेकानंद भवन में कृषक उन्नति योजना अंतर्गत आदान सहायता राशि वितरण समारोह एवं किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर और वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. कार्यक्रम में जिले भर से हजारों किसान शामिल हुए.
दुर्ग के एक लाख 6 हजार किसानों के खातों में राशि ट्रांसफर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के 24.28 लाख किसानों के खातों में लगभग 11 हजार करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की. वहीं दुर्ग जिले के 1.06 लाख किसानों को 407.89 करोड़ रुपये सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए. राशि मिलते ही किसानों में उत्साह का माहौल बन गया. वहीं किसान विनोद चंद्राकर ने बताया कि खाते में राशि आते ही होली का त्योहार और भी खास हो गया है. उन्होंने कहा कि इस रकम से बच्चों की स्कूल फीस जमा करेंगे, कुछ कर्ज चुकाएंगे और त्योहार भी धूमधाम से मनाएंगे.
वहीं किसान विनय देशमुख ने इसे प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी का हिस्सा बताते हुए कहा कि शादी और त्योहार के सीजन में यह भुगतान किसानों के लिए बड़ी राहत है. उन्होंने कहा कि यह सरकार किसानों के हित में काम कर रही है.
25 लाख से ज्यादा किसानों को 10 हजार करोड़ से ज्यादा की राशि
विधायक रिकेश सेन ने कहा कि 25 लाख से अधिक किसानों को 10 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि दी गई है, जिससे किसानों के चेहरे पर खुशी साफ दिख रही है. विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय किसान हित में लगातार कार्य कर रहे हैं. होली से पहले पैसा मिलने से बाजारों में भी रौनक बढ़ेगी और व्यापार को गति मिलेगी.
ये भी पढे़ं: CG News: अलग-अलग जगहों पर डंप कर रखे गए नक्सलियों के हथियार और नगदी बरामद, अब तक एक करोड़ 8 लाख कैश मिला
