CG News: रायपुर पुलिस ने शहर में ड्रग्स, गांजा और नशीली गोलियों की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए शनिवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की. मुखबिर की सूचना पर कबीर नगर इलाके में हेरोइन और गांजा बेचने पहुंचे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि सिविल लाइन क्षेत्र में 50 किलो गांजा के साथ तीन लोगों को पकड़ा गया.
गोल बाजार इलाके में हेरोइन और एमडीएमए बेचने पहुंचे एक आरोपी को भी पुलिस ने दबोच लिया. इसके अलावा डीडी नगर और खमतराई थाना क्षेत्रों में भी गांजा और नशीली गोलियां बेचने की फिराक में घूम रहे आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. इन सभी कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल मिलाकर 35 लाख रुपए से ज्यादा का नशीला सामान जब्त किया है.
पुलिस ने गांजा और एमडीएमए किया जब्त
कबीर नगर थाना पुलिस ने हीरापुर स्थित वेदांत वाटिका के पास छापेमारी कर धर्मेंद्र सिंह और संतोष सिंह सिदार को पकड़ा, जिनके पास से हेरोइन और गांजा बरामद हुआ. गोल बाजार पुलिस ने डीकेएस अस्पताल की पार्किंग के पास से चित्रांश पवार को गिरफ्तार कर उसके पास से एमडीएमए जब्त किया. वहीं, डीडी नगर पुलिस ने चंगोराभाठा क्षेत्र में महादेवा तालाब के पास से नारायण यादव को गांजा के साथ पकड़ा.
सिविल लाइन थाना पुलिस ने केनाल रोड पर दुर्गा मंच के पीछे खड़ी एक टोयोटा कार में सवार हरिकेश सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 50 किलो गांजा जब्त किया. खमतराई पुलिस ने मयंक सोनी और राकेश अग्रहारकर को गांजा और नशीली गोलियों के साथ पकड़ा.
आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर महाराष्ट्रा जा रहे थे
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल के अनुसार सिविल लाइन क्षेत्र में पकड़े गए आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर महाराष्ट्र जा रहे थे और शहर में सप्लाई देने के लिए रुके थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया. सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और गिरफ्तार आरोपियों से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा जल्द किया जाएगा.
ये भी पढे़ं- भोपाल के होटल में पानी की टंकी में मिला कर्मचारी का शव, 20 सालों से कर रहा था काम
