CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी ई-मेल के जरिए मिली है. धमकी मिलने के बाद हड़कंप मचा गया. ये पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है. पुलिस ने ई-मेल भेजने वाले अज्ञात आरोपी के खिलाफ धमकी देने, झूठी अफवाह फैलाने समेत कई मामलों में केस दर्ज कर लिया है.
जांच में नहीं मिला कोई विस्फोटक
धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद बम निरोधक दस्ते और पुलिस ने पूरे परिसर की जांच की. किसी भी प्रकार का कोई विस्फोटक बरामद नहीं किया गया है. नई दुनिया की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पहली नजर में ये पूरा मामला शरारत से भरा नजर आ रहा है. इसके बावजूद इसे गंभीरता से लिया गया है. ई-मेल आईडी और आईपी एड्रेस को ट्रेस किया जा रहा है और मेल भेजने वाले आरोपी की तलाश की जा रही है.
ऑफिस को 12 बमों से उड़ाने की धमकी
बम की सूचना मिलने के बाद पुलिस फौरन पासपोर्ट ऑफिस पहुंची. इसके बाद ऑफिस को खाली कराया गया. कर्मचारी और अधिकारियों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया. बम स्क्वॉड टीम के साथ मिलकर पुलिस ने ऑफिस परिसर की बारीकी से छानबीन की. धमकी भरा ईमेल पासपोर्ट विभाग की ऑफिशियल ई-मेल पर मिला, जिसमें पासपोर्ट ऑफिस को दोपहर तक 12 बमों से उड़ाने की धमकी दी गई थी.
ये भी पढ़ें: CG News: रायपुर पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस मामले की जांच में जुटी
तमिलनाडु के शख्स ने भेजा था ई-मेल
बताया जा रहा है कि धमकी भरा ईमेल तमिलनाडु के रहने वाले अज्ञात शख्स ने लिखा है. ईमेल में आरोपी शख्स ने लिखा कि उसकी शिकायतों पर ना तो पुलिस ध्यान दे रही है और ना ही उसे कोर्ट से राहत मिली है, जिससे वह बहुत परेशान है.
