Vistaar NEWS

CG News: मैनपाट के टाइगर प्वाइंट में लगी आग, एक दर्जन से ज्यादा छोटी दुकानें जलकर राख; इलाके में मची अफरा-तफरी

Fire broke out at Tiger Point in Mainpat.

मैनपाट के टाइगर प्वाइंट में लगी आग.

CG News: छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक मैनपाट के टाइगर प्वाइंट में शुक्रवार देर रात आग लग गई. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, देखते ही देखते आग की जद में कई छोटी दुकानें आ गईं. झोपड़ी में बनी एक दर्जन से ज्यादा दुकानें जलकर राख हो गईं. इससे छोटे दुकानदारों को काफी नुकसान हुआ है.

आग की ऊंची लपटों से अफरा-तफरी का माहौल

जिस वक्त टाइगर प्वाइंट पर आ लगी, उस समय अधिकांश बड़ी दुकानें बंद थीं. इसके कारण बड़ी दुकानों को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ. लेकिन एक दर्जन से ज्यादा झोपड़ी में बनी दुकानें जलकर राख हो गईं. स्थानीय लोग झोपड़ी बनाकर नाश्ते की दुकान खोले हुए हैं. हालांकि गनीमत ये रही कि आग लगने के कारण किसी भी जनहानि की सूचना नहीं है.

स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लपटें काफी ऊंची उठ रहीं थीं. आग को देखने के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया और अफरा-तफरी मच गई. आग पर काबू पाने की कोशिश की गई. लेकिन इससे पहले कि आग पर काबू पाया जाता, झोपड़ी में बनी दुकानें जलकर राख हो गईं, क्योंकि दुकानें आपस में सटी हुई थीं.

आग लगने के कारणों का नहीं चल सका पता

पूछताछ के दौरान कुछ लोगों का कहना है कि ठंड से बचने के लिए आग लगाई गई थी. आशंका है कि इसी में से चिंगारी निकलने से आग फैल गई. हालांकि आग लगने के सही कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है. वहीं स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि कम आमदानी से हमने दुकान बनाई थी. लेकिन हमारी सारा सामान और पूंजी जलकर राख हो गई. छोटे दुकानदारों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि उन्हें आर्थिक मदद दी जाए, जिससे कि वे फिर से अपनी दुकान शुरू कर सकें.

बता दें मैनपाट का टाइगर प्वाइंट सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र है. यहां हर दिन बड़ी संख्या में दूर-दूर से लोग घूमने आते हैं.

ये भी पढे़ं: CG News: बिलासपुर में 90 हजार की रिश्वत लेते फूड इंस्पेक्टर गिरफ्तार, एंटी करप्शन ब्यूरो ने रंगेहाथों पकड़ा

Exit mobile version