Vistaar NEWS

Raigarh: रायगढ़ में फिर हाथी के शावक की मौत, जंगलों में मिला शव, पोस्टमार्टम के बाद दफनाया

Raigarh

हाथी के शावक की मौत

Raigarh: रायगढ़ वन मंडल के तमनार रेंज के झिगोल जंगल में एक बार फिर हाथी के शावक की मौत हो गई. इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. देर शाम होने के कारण हाथी शावक के शव को तमनार वन विभाग कार्यालय के पास लाकर पोस्टमार्टम पश्चात दफनाया गया.

तमनार रेंज में 5 माह में 3 हाथी की मौत

रायगढ़ वन मंडल के तमनार रेंज में पूरे साल हाथियों की मौजूदगी रहती है। पिछले करीब 5 महीनों में यहां 3 हाथियों की मौत हो चुकी है. अक्टूबर में केराखोल के जंगल में एक हाथी की मौत करंट लगे तार की चपेट में आने से हुई थी. इसके अलावा एक हाथी के बच्चे की मौत चट्टानों में फंसने से हो गई थी. अब फिर एक हाथी के बच्चे का शव जंगल में मिला है.

वन विभाग हाथियों के झुंड की कर रहा निगरानी

बता दें कि जिले में हाथियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है और शावकों की जन्म दर भी पिछले कुछ वर्षों में बढ़ी है. इससे वन विभाग के लिए शावकों पर नजर रखना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना चुनौतीपूर्ण बन गया है.

वन विभाग ने आसपास के इलाके में हाथियों के झुंड की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी है. तमनार रेंज के साथ-साथ धर्मजयगढ़ और रायगढ़ वन मंडल में हाल ही में हाथी शावकों की मौत की घटनाओं में लगातार इजाफा देखा जा रहा है.

ये भी पढ़ें- Raipur: 10वीं पास बना दिल्ली पोस्ट ऑफिस का डायरेक्टर, 52 युवाओं से करोड़ों लूटे, पुलिस ने मास्टरमाइंड को किया गिरफ्तार

वन अधिकारियों का कहना है कि हाथियों की सुरक्षा और उनके झुंड की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है.

Exit mobile version