CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का रुख शुष्क बना हुआ है और मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक बारिश के कोई आसार नहीं हैं. हालांकि न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है, जिससे सुबह और रात की ठंड में कुछ कमी महसूस होगी. वहीं अधिकतम तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है. वहीं राजधानी रायपुर में सुबह के समय हल्की धुंध छायी रही.
तापमान में होगी 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. इससे ठंड का असर धीरे-धीरे कम होने की उम्मीद है. दूसरी ओर, अगले सात दिनों तक अधिकतम तापमान लगभग स्थिर रहने का अनुमान है और दिन के तापमान में किसी बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है.
प्रदेश में मौसम हुआ शुष्क
पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई. वर्षा के सभी मुख्य आंकड़े शून्य रहे. इस दौरान प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ.
प्रदेश में कोई सिस्टम एक्टिव नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में फिलहाल कोई सक्रिय साइनोप्टिक सिस्टम मौजूद नहीं है और आज के लिए भी किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है. आने वाले दिनों में भी मौसम के शुष्क बने रहने का अनुमान है. राजधानी रायपुर में आज सुबह हल्की धुंध छाई रहने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है.
ये भी पढे़ं- छत्तीसगढ़ में फरवरी में ही बेहाल करने लगी गर्मी, कोहरा भी छाया, IMD ने जारी किया अलर्ट
