CG News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 3 दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं. कल सीएम विष्णु देव साय ने रायपुर एयरपोर्ट पर गृह मंत्री का स्वागत किया. निजी होटल में रात्रि विश्राम के बाद आज गृह मंत्री अमित शाह विभागीय समीक्षा बैठक करेंगे. इस बैठक में सीएम विष्णु देव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा मौजूद रहेंगे. बैठकों का दौर सुबह 11 बजे से शुरू होगा. पहली विभागीय बैठक 11 बजे से 12:45 तक चलेगी, वहीं दूसरी विभागीय समीक्षा बैठक 12:45 से 2 बजे तक रहने वाली है.
नक्सलवाद और सुरक्षा विषयों पर होगा मंथन
दोपहर 2 से 3 बजे तक भोजन का अवकाश रहेगा, जिसके बाद 3 बजे से 4:15 तक गृह मंत्री अमित शाह LWE क्षेत्रों की समीक्षा बैठक में शामिल होंगे. गृह मंत्री नक्सलवाद समेत कई सुरक्षा से जुड़े विषयों पर मंथन करेंगे. इस बैठक में केंद्र और राज्य के आला अधिकारी शामिल होंगे. वहीं गृह मंत्री अमित शाह कल बस्तर पंडुम के समापन समारोह में शामिल होंगे.
गृह मंत्री का दौरा कार्यक्रम
- केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं. वे 7 फरवरी को रायपुर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से वे सीधे अपने तय कार्यक्रमों में शामिल हुए. गृहमंत्री प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें राज्य की कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की जाएगी और जरूरी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे.
- आज यानी 8 फरवरी को अमित शाह एंटी नक्सल अभियान को लेकर अहम बैठक करेंगे. इस बैठक में केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के साथ राज्य पुलिस और सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे. बैठक में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान की समीक्षा की जाएगी और शहरी क्षेत्रों में सक्रिय नक्सल नेटवर्क को खत्म करने की रणनीति पर चर्चा होगी.
- दौरे के तीसरे दिन, यानी 9 फरवरी को गृहमंत्री बस्तर के लिए रवाना होंगे. वहां वे मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर पंडुम के समापन समारोह में शामिल होंगे. कार्यक्रम के बाद वे जगदलपुर जाएंगे और वहीं से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे.
कल राष्ट्रपति ने किया बस्तर पंडुम-2026 का शुभारंभ
कल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू छत्तीसगढ़ दौरे पर रहीं. उन्होंने जगदलपुर में बस्तर पंडुम-2026 का शुभारंभ किया. इस अवसर पर उनके साथ राज्यपाल रामेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहे.
ये भी पढे़ं- अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे से पहले बड़ा आत्मसमर्पण, बस्तर में 51 नक्सलियों ने डाले हथियार
