CG News: रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई के अंतर्गत आयोजित स्व. कुलदीप निगम स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट में लगातार रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं. नेताजी सुभाष स्टेडियम में बुधवार को खेले गए मैच में विस्तार न्यूज़ ने रवि मिरी और सौरभ तिवारी की अर्द्धशतकीय पारियों की बदौलत नईदुनिया को 128 रन से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया. टूर्नामेंट में यह सबसे बड़ी जीत है. विस्तार न्यूज़ के रवि मिरी मैन ऑफ द मैच रहे.
विस्तार न्यूज़ ने 10 ओवर में 2 विकेट पर बनाए 191 रन
विस्तार न्यूज़ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया. टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 2 विकेट खोकर 191 रन बनाए. विस्तार न्यूज़ के ओपनर बल्लेबाज रवि मिरी और सौरभ तिवारी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की शुरुआत की. नईदुनिया की खराब गेंदबाजी और फील्डिंग का फायदा उठाते हुए दोनों बल्लेबाजों ने चौके-छक्कों की झड़ी लगा दी.
नईदुनिया को ओपनर बल्लेबाजों को रोकने में नहीं मिली सफलता
नईदुनिया के किसी भी गेंदबाज को पहले 5 ओवर तक दोनों ओपनर बल्लेबाजों को रोकने में सफलता नहीं मिली. रवि और सौरभ ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 117 रनों की शतकीय साझेदारी की. बड़े स्कोर की ओर बढ़ रहे विस्तार न्यूज़ को छठे ओवर में पहला झटका लगा, जब दीपेश सोनी की गेंद पर ओपनर बल्लेबाज सौरभ क्लीन बोल्ड हो गए. सौरभ ने 58 रनों की अर्द्धशतकीय पारी में 18 गेंदों पर 3 चौके और 7 छक्के जड़े. इसके बाद आए खोमन साहू ने पारी संभाली. खोमन ने रवि मिरी का भरपूर साथ दिया और दोनों बल्लेबाज अंतिम ओवर तक क्रीज पर जमे रहे, लेकिन आखिरी गेंद पर रवि कैच आउट हो गए.
रवि ने खेली शानदार अर्द्धशतकीय पारी
रवि ने शानदार 94 रनों की अर्द्धशतकीय पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 37 गेंदों का सामना करते हुए 4 चौके और 11 आसमानी छक्के लगाए. खोमन साहू ने टीम के लिए 21 रनों का योगदान दिया. नईदुनिया की ओर से दीपेश सोनी और कादिर खान ने एक-एक विकेट लिया. विकास सोनी सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए. उन्होंने 2 ओवर में सर्वाधिक 52 रन दिए.
63 रनों पर सिमट गई नईदुनिया की पूरी टीम
जवाब में 192 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नईदुनिया की टीम 6 विकेट खोकर निर्धारित 10 ओवर में 63 रन ही बना सकी. टीम की ओर से ओपनर बल्लेबाज विकास सोनी पहले ओवर की पहली ही गेंद पर क्लीन बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए. इसके बाद आए सभी बल्लेबाज जल्दी-जल्दी पवेलियन लौटते गए. सिर्फ दीपक शुक्ला ही एक छोर पर डटे रहे. दीपक ने 7 ओवर तक बल्लेबाजी की और टीम के लिए सर्वाधिक 23 रन बनाए. इसके अलावा अशोक शर्मा और जितेंद्र दहिया ने 9-9, दीपेश सोनी और कादिर खान ने 4-4, जबकि सौरभ मिश्र और राम सिंह ने 2-2 रन बनाए. विस्तार न्यूज़ की ओर से मुकेश दरियाब ने 2 विकेट लिए, जबकि अभिषेक और सौरभ तिवारी ने एक-एक विकेट लिया.
रवि मिरी को मिला मैन ऑफ द मैच
कार्यक्रम के अतिथि भाजपा के प्रदेश मीडिया संयोजक हेमन्त पाणिग्रही, नगर निगम रायपुर में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी और दैनिक अमनपथ के संपादक रमेश पांडेय थे. सभी अतिथियों ने टीम के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर बधाई दी. कार्यक्रम में शानदार प्रदर्शन के लिए विस्तार न्यूज़ के रवि मिरी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया. साथ ही दोनों टीमों को ट्रॉफी दी गई.
किक्रेट मेच के दौरान बड़ी संख्या में पत्रकार और खेलप्रेमी रहे मौजूद
इस दौरान रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, महासचिव गौरव शर्मा, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव भूपेश जांगड़े, खेल मड़ई के संयोजक विजय मिश्रा, सह संयोजक शंकर चंद्राकर और अख्तर हुसैन सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और खेलप्रेमी मौजूद थे. मैच में वैदुर्य निगम और अनुराग ने अंपायरिंग की, वहीं पी. रामाराव नायडू स्कोरर रहे. गुरुवार 12 फरवरी को सुबह 7.30 बजे टूर्नामेंट का पहला क्वार्टर फाइनल मैच नवभारत और इलेक्ट्रॉनिक संयुक्त इलेवन के बीच खेला जाएगा.
ये भी पढे़ं- CG Cabinet Meeting: किसानों के लिए खुशखबरी, होली के पहले जारी होगी धान की अंतर राशि, साय कैबिनेट बैठक में हुआ फैसला
