Vistaar NEWS

‘खाद बाहर से आता है, हमारे यहां उत्पादन नहीं…’, कृषि‍ मंत्री रामविचार नेताम बोले- फर्टिलाइजर की कीमत बढ़ सकती है

Agriculture Minister Ramvichar Netam

कृषि‍ मंत्री रामविचार नेताम

CG News: छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. राज्य में खाद की कीमतों को लेकर कृषि मंत्री रामविचार नेताम का बड़ा बयान सामने आया है. मंत्री ने कहा कि वैश्विक संकट की वजह से फर्टिलाइजर की कीमत बढ़ सकती है. उन्‍होंने कहा कि किसान भाइयों को मानसिक रूप से तैयार रहना चाहिए. मंत्री ने आगे कहा कि खाद बाहर से आता है, हमारे यहां उत्पादन नहीं होता. हमें जैविक, प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ना चाहिए.

देशभर में बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम

आज ही देशभर में पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी देखने को मिली है. सरकार ने पेट्रोल और डीजल दोनाें पर 3 रुपये बढ़ा दिए हैं. बढ़ोतरी के बाद रायपुर में पेट्रोल 103.58 रुपये और डीजल 96.57 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गया है. बढ़ोतरी के बाद से ही अलग-अलग शहरों में फ्यूल स्टेशनों पर लंबी लाइन देखने को मिलने लगी है. लोग पेट्रोल खत्म होने की अफवाहों के बीच टंकी फुल करवाते नजर आ रहे हैं. इस बीच प्रशासन ने भी इन परिस्थितियों को देखते हुए लोगों से अफवाहों से सावधान रहने और राज्य में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्‍त स्‍टॉक होने की बात कही है.

सीएम साय ने भी की लोगों से अपील

पेट्रोल डीजल के लिए फ्यूल स्टेशनों पर लंबी लाइनों और लोगों के बीच पैनिक को देखते हुए सीएम विष्‍णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्‍लेटफार्म एक्स पर पोस्‍ट करके लोगाें से अफवाहों से बचने की अपील की है. सीएम ने लिखा, छत्तीसगढ़ में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. प्रदेशवासियों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है.

प्रदेश के सभी ऑयल डिपो में नियमित रूप से ईंधन की आपूर्ति हो रही है और वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा रही है. प्रदेश सरकार एवं ऑयल कंपनियां पूर्ण समन्वय के साथ स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं. वैश्विक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए भी भारत सरकार ने प्रभावी तैयारियां सुनिश्चित की हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील की है कि वे अनावश्यक खरीदारी एवं संग्रहण से बचें तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें.

सीएम ने आगे लिखा कि, मैं प्रदेशवासियों से भी आग्रह करता हूं कि संयम, जागरूकता और जिम्मेदारी का परिचय दें. केवल आवश्यकता अनुसार ही ईंधन लें और किसी भी भ्रामक सूचना से दूर रहें. आपकी सजगता, संयम और सहयोग से छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश की ईंधन व्यवस्था निरंतर सुचारू बनी रहेगी. आइए, हम सभी मिलकर जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें। संयम, सहयोग और सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्रहित में अपना योगदान सुनिश्चित करें.

ये भी पढे़ं- Petrol-Diesel Prices Hike: 3 रुपये महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, रायपुर में टैंक फुल कराने के लिए फ्यूल स्‍टेशनों पर लगी लंबी लाइन

Exit mobile version