Vistaar NEWS

CG News: स्वतंत्रता दिवस पर भाजपा का मेगा अभियान, बस्तर के 92 गांवों में पहली बार लहराया जाएगा तिरंगा

CG News

File Image

Tricolour Unfurling In Bastar Villages: छत्तीसगढ़ में इस बार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भारतीय जनता पार्टी ने बस्तर संभाग में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है. इसे लेकर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने बताया कि 10 अगस्त से 14 अगस्त तक भाजपा कार्यकर्ता बस्तर के घर-घर पहुंचकर लोगों से संपर्क करेंगे और स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों से जोड़ेंगे.

बस्तर के 92 गांवों में पहली बार लहराया जाएगा तिरंगा

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने बताया कि 15 अगस्त को बस्तर के सभी गांवों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा. खास बात यह है कि बीजापुर के 33 और नारायणपुर के 9 गांव और बस्तर के 50 गांवों में पहली बार तिरंगा फहराया जाएगा. विजय शर्मा ने बताया कि जिन क्षेत्रों में बड़े नक्सली मुठभेड़ हुए हैं, वहां बाइक रैली निकाली जाएगी. इसमें महिला बाइकर्स की टोली भी शामिल होगी.

शहीदों के परिजनों को भेंट करेंगे तिरंगा

भाजपा कार्यकर्ता शहीदों के परिजनों के घर पहुंचकर उन्हें तिरंगा भेंट करेंगे और नक्सली हिंसा से प्रभावित परिवारों से भी मुलाकात करेंगे. इसके अलावा बस्तर में 500 से अधिक स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों का नाम शहीदों के नाम पर रखने का अभियान भी चलाया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस पूरे अभियान का उद्देश्य गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों को राष्ट्रीय पर्व से जोड़ना और शहीदों के सम्मान का संदेश देना है.

10 से 14 अगस्त तक सभी गांवों में निकाली जाएगी तिरंगा यात्रा

वहीं BJP की प्रेस कॉफ्रेंस में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 10 से 14 अगस्त तक प्रदेशभर में आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा अभियान की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना और लोगों को तिरंगे के सम्मान के प्रति जागरूक करना है.

अरुण साव ने बताया कि तिरंगा यात्रा का अभियान दो चरणों में संचालित किया जाएगा. 10 से 14 अगस्त के बीच प्रदेश के सभी छोटे-बड़े गांवों और शहरों में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी. इसके लिए भाजपा के 450 मंडलों में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं. उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 10 अगस्त को रायपुर के मरीन ड्राइव से होगी। सुबह 10 बजे तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल होंगे.

ये भी पढ़ें- Bijapur: बीजापुर में शराब दुकान खुलने के खिलाफ प्रदर्शन, विधायक विक्रम मंडावी के साथ ग्रामीणों ने खोला मोर्चा

Exit mobile version