Bijapur News: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के सुदूर एवं दुर्गम क्षेत्रों में विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति जानने और ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने कलेक्टर विश्वदीप एवं जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे ने ग्राम पंचायत डोंडीतुमनार, गमपुर एवं पीड़िया का दौरा किया. इस दौरान अधिकारियों ने दुर्गम रास्तों और तालपेरू नदी को ट्रैक्टर के माध्यम से पार कर दूरस्थ गांवों तक पहुंचकर ग्रामीणों के बीच जनचौपाल लगाई. गमपुर में रात्रि के समय भी जनचौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं.
कलेक्टर ने ली बुनियादी सुविधाओं की जानकारी
जनचौपाल में कलेक्टर विश्वदीप ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और गांवों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ली. ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, पुल-पुलिया, बिजली एवं बाजार व्यवस्था सहित विभिन्न समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया. कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
कलेक्टर विश्वदीप ने कहा कि दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें शासन की योजनाओं से लाभान्वित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है. ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा.
प्रशासन और ग्रामीणों के बीच संवाद
डोंडीतुमनार, गमपुर एवं पीड़िया में आयोजित जनचौपाल के माध्यम से प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ. दुर्गम रास्तों और नदी को पार कर अधिकारियों का गांवों तक पहुंचना ग्रामीणों के बीच प्रशासन की सक्रियता और संवेदनशीलता का संदेश देता नजर आया. इस दौरान एसडीएम राकेश साहू, जनपद पंचायत सीईओ मनीष भारती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे.
