CG News: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में रिश्वतखोरी के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने जीएसटी अधिकारी अंचला गिरी के खिलाफ कार्रवाई की है. एक स्क्रैप कारोबारी से गाड़ी छोड़ने के बदले डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में अधिकारी को रंगे हाथों पकड़ा गया.
कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम नाली में फेंकने का मामला भी सामने आया है. इस प्रकरण में अंचला गिरी के साथ इमरान मेमन को भी गिरफ्तार किया गया है. वहीं, गिरफ्तारी के बाद महिला अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है.
तीन लाख के माल पर 10 लाख की पेनाल्टी मांगने का आरोप
मामले की शुरुआत 18 नवंबर को हुई, जब स्क्रैप से लदी एक गाड़ी को रोक लिया गया था. कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज के मुताबिक, वाहन में लदे माल के दस्तावेज मौजूद थे, इसके बावजूद गाड़ी को रोका गया. उन्होंने आरोप लगाया कि जीएसटी अधिकारी अंचला गिरी ने वाहन पर 10 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाने की बात कही थी, जबकि गाड़ी में मौजूद स्क्रैप की कीमत करीब तीन लाख रुपये थी.
दो लाख से शुरू हुई बात, डेढ़ लाख में तय हुआ सौदा
कारोबारी का आरोप है कि गाड़ी जब्त करने और कार्रवाई की चेतावनी देकर मामले को निपटाने के लिए पहले दो लाख रुपये मांगे गए. बाद में डेढ़ लाख रुपये में सौदा तय हुआ. इसमें 50 हजार रुपये पेनाल्टी के रूप में जमा कराने और शेष रकम अधिकारी के घर पहुंचाने की बात हुई. इसके बाद कारोबारी ने एसीबी से संपर्क कर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई.
छापे की भनक लगते ही नाली में फेंके नोट
शिकायत की जांच के बाद जगदलपुर एसीबी की टीम ने शनिवार, 21 नवंबर को कार्रवाई की योजना बनाई. तय योजना के मुताबिक कारोबारी रिश्वत की रकम लेकर अंचला गिरी के घर पहुंचा. इसी दौरान एसीबी की टीम ने दबिश दी. आरोप है कि कार्रवाई की भनक लगते ही इमरान मेमन ने रिश्वत के नोटों को नाली में फेंक दिया. हालांकि, टीम ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया.
इमरान मेमन की भूमिका की भी जांच
एसीबी के अधिकारी रमेश कुमार मरकाम के अनुसार, रिश्वत की रकम इमरान मेमन के माध्यम से अधिकारी तक पहुंचाई गई थी. जांच एजेंसी अब इस मामले में उसकी भूमिका की भी पड़ताल कर रही है. कांकेर के संजयनगर निवासी 30 वर्षीय इमरान के खिलाफ भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. मामले में शिकायतकर्ता के आरोपों और रिश्वत के लेन-देन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है.
