Vistaar NEWS

CG News: संदिग्ध किराएदारों पर पुलिस की सख्ती, अब मकान मालिकों की भी जवाबदेही तय, सत्यापन नहीं कराने पर होगी कार्रवाई

Jagdalpur

File Image

Jagdalpur: छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों और संदिग्ध किराएदारों की पहचान के लिए पुलिस ने निगरानी और तेज कर दी है. खासकर बांग्लादेश से अवैध रूप से आने वाले लोगों की सूचनाओं के बीच जगदलपुर पुलिस मुख्यालय ने आम जनता और मकान मालिकों दोनों की जिम्मेदारी तय कर दी है. अब किराएदारों का सत्यापन नहीं कराने पर मकान मालिकों के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है. पुलिस ने इसके लिए समाधान ऐप के जरिए हर किराएदार की जानकारी दर्ज करना अनिवार्य बताया है.

किराएदारों का सत्यापन नहीं कराने पर मालिकों पर होगी कार्रवाई

राज्य में बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है. समय-समय पर विभिन्न इलाकों में किराएदारों और मुसाफिरों की जांच की जा रही है ताकि अवैध रूप से रह रहे लोगों की पहचान की जा सके. पुलिस मुख्यालय ने किराएदार सत्यापन की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए समाधान ऐप लॉन्च किया है. इस ऐप के माध्यम से हर मकान मालिक को अपने यहां रहने वाले किराएदार की पूरी जानकारी और पहचान संबंधी दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य होगा. पुलिस का कहना है कि केवल किरायानामा बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि किराएदार का सत्यापन और उसकी जानकारी ऐप पर दर्ज करना जरूरी है. शासन और प्रशासन के निर्देशों का पालन नहीं करने वाले मकान मालिकों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस ने आम लोगों से की खास अपील

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति रह रहा हो या उसकी गतिविधियां संदेहास्पद लगें, तो तत्काल पुलिस हेल्पलाइन के माध्यम से सूचना दें. अधिकारियों का कहना है कि जनता की सतर्कता और मकान मालिकों की जिम्मेदारी से ही अवैध रूप से रह रहे लोगों की पहचान कर राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकेगा.

ये भी पढ़ें: CGPSC Scam: ED का बड़ा एक्शन, पूर्व चेयरमैन टामन सोनवानी को किया गिरफ्तार, आज कोर्ट में करेगी पेश

Exit mobile version