Bilaspur Crime News: बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में एक महिला के बैग से सोने के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर ऑटो चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
अमेरी जा रही थी महिला
पुलिस के अनुसार, ग्राम बुदेला निवासी भगवती कौशिक (29) ने शिकायत दर्ज कराई कि 15 जुलाई 2026 को वह अपनी बड़ी बहन और बुआ के साथ ऑटो क्रमांक CG 10 U 9846 से अमेरी जा रही थीं. चकरभाठा स्थित ओम साईराम ज्वेलर्स के सामने ऑटो चालक गेदराम निराला के कहने पर उन्होंने अपना बैग ऑटो में ही छोड़ दिया और कृष्णा सोसायटी में सामान खरीदने चली गईं.
करीब डेढ़ घंटे बाद लौटने पर वे उसी ऑटो से अमेरी पहुंचीं. अगले दिन जब उन्होंने बैग खोला तो उसमें रखा करीब 15 ग्राम का सोने का मंगलसूत्र, सोने के ईयर रिंग और सोने का चोकर माला गायब मिला.
सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुआ पूरा मामला
पीड़िता का आरोप है कि आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखने पर ऑटो चालक गेदराम निराला उनकी गैर मौजूदगी में बैग से जेवर निकालते हुए दिखाई दिया. महिला ने जब आरोपी से पूछताछ की तो उसने पहले टालमटोल की और बाद में जेवर वापस करने का आश्वासन दिया.
ये भी पढ़ें: बिलासपुर: 90 साल बाद तबाही का खौफनाक मंजर, 400 घरों में घुसा पानी, सड़कों पर चल रही नाव
फरार आरोपी की तलाश जारी
शिकायत में यह भी उल्लेख है कि आरोपी ने गांव के सरपंच प्रतिनिधि के सामने चोरी करना स्वीकार किया और जेवर के बदले रुपये या अन्य गहने देने की बात कही. बाद में बैंक से पैसे निकालने के बहाने वह अपने एक रिश्तेदार के घर ले गया, जहां मौका पाकर छत के रास्ते फरार हो गया. चकरभाठा पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस CCTV फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है.
