Vistaar NEWS

Bilaspur: जमानत के लिए काला जादू? श्मशान घाट में मिली हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की फोटो, मची खलबली!

Three accused youths

तंत्र-मंत्र करने वाले आरोपी

Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में श्मशान घाट पर कथित तंत्र साधना का मामला सामने आया है. शुक्रवार रात 7 अगस्त को ग्राम देवरी के मुक्तिधाम में चार युवक कुछ तस्वीरें रखकर पूजा-पाठ करते नजर आए. बताया जा रहा है कि तस्वीरों में हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा समेत दो दूसरे लोगों की तस्वीरें थीं. युवकों की गतिविधियों पर ग्रामीणों को शक हुआ तो वे मौके पर पहुंच गए. ग्रामीणों को देखते ही चारों युवक भागने लगे, लेकिन लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया. उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए. इसके बाद सीपत थाना पुलिस को सूचना दी गई.

मौके से मिली पूजा की सामग्री

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पकड़े गए युवक को हिरासत में लिया. श्मशान घाट से पुलिस को मरी हुई मछली, नींबू, सिंदूर, नारियल और पूजा में इस्तमाल होने वाली दूसरी सामग्री मिली. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. वीडियो में पुलिस युवक से पूछताछ करती दिखाई दे रही है. पुलिस उससे पूछती है कि क्या वह जज को मारना चाहते हो. युवक खुद को पढ़ा-लिखा बताते हुए ऐसी गतिविधि में शामिल होने से मना करता नजर आ रहा है. पुलिस अब बरामद सामग्री और वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है.

रिश्तेदार की जमानत के लिए तंत्र साधना का दावा

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में पकड़े गए युवक की पहचान ऋषिकेश कुमार के रूप में हुई है, जो बिलासपुर के राजकिशोर नगर का रहने वाला बताया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, ऋषिकेश सोशल मीडिया के जरिए एक कथित तांत्रिक के संपर्क में आया था. बताया जा रहा है कि तांत्रिक ने कथित तौर पर श्मशान घाट में तंत्र साधना करने से जेल में बंद रिश्तेदार को जमानत मिलने की बात कही थी. ऋषिकेश का रिश्तेदार प्रियांशु चाकूबाजी के एक मामले में जेल में बंद है और उसकी जमानत के लिए हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई है.

ये भी पढ़ें-अंबिकापुर: विवाह के चार दिन बाद जेवर समेटकर दुल्हन फरार, परिवार ने लगाया ठगी का आरोप

चीफ जस्टिस की तस्वीर रखकर पूजा का दावा

पुलिस के अनुसार, इसी जमानत के लिए चार युवक देवरी के श्मशान घाट पहुंचे थे. वहां चीफ जस्टिस समेत तीन लोगों की तस्वीरें रखकर कथित तंत् साधना किए जाने की बात सामने आई है. हालांकि, युवक ने शुरुआत में तंत्र-मंत्र करने से इनकार किया और खुद को गांव में घूमने आया हुआ बताया. ग्रामीणों का कहना है कि श्मशान घाट में पहले भी इस तरह की संदिग्ध गतिविधियां सामने आ चुकी हैं. फिलहाल पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है और फरार तीन दूसरे युवकों की तलाश के साथ पूरे मामले की जांच में जुटी है.

Exit mobile version