Bilaspur Crime News: बिलासपुर. सरकंडा थाना क्षेत्र के अटल आवास अशोक नगर में ठंड से बचने के लिए लकड़ी जलाने को लेकर हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. इस दौरान धारदार हथियार से किए गए हमले में मयंक ध्रुव गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद पुलिस ने हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो घायल आरोपियों का सिम्स अस्पताल में उपचार जारी है. पुलिस के अनुसार, घटना 17 नवंबर की रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच अटल आवास के डी-ब्लॉक की छत पर हुई. कुछ लोग ठंड से बचने के लिए जलाने वाली लकड़ी को छत पर पटककर तोड़ रहे थे.
इसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष नीचे आकर गाली-गलौज करते हुए एक दूसरे से भिड़ गए. पहले पक्ष की ओर से श्रवण ध्रुव की शिकायत पर अपराध दर्ज किया गया है. शिकायत के मुताबिक, आर्यन उर्फ बिट्टू मानिकपुरी, गोपाल सोनी, भोलू उर्फ विकास मानिकपुरी और सुदामा साहू ने मिलकर मारपीट की. इस दौरान आर्यन उर्फ बिट्टू ने मयंक ध्रुव के सीने, पेट और पीठ पर धारदार हथियार से कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई.
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से विकास मानिकपुरी की शिकायत पर अपराध दर्ज किया गया है. इसमें श्रवण ध्रुव और मयंक ध्रुव पर गाली-गलौज कर लोहे की रॉड और धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाया गया है. हमले में विकास मानिकपुरी के सिर में चोट आई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे आर्यन दास मानिकपुरी और सुदामा साहू भी गंभीर रूप से घायल हो गए. तीनों का सिम्स अस्पताल में उपचार जारी है.
आरोपियों से पूछताछ जारी
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की. हत्या के मामले में पुलिस ने घेराबंदी कर विकास उर्फ भोलू उर्फ तलवार (23) और गोपाल सोनी (19) को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है.
