Administration Seeks Public Route Suggestion: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर को प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत 50 एयर कंडीशन्ड बसों की मंजूरी मिल गई है. इन बसों के लिए डिपो भी तैयार किया जा रहा है. इसके साथ ही चार्जिंग स्टेशन, वर्कशॉप और दूसरी सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि इसी साल दिसंबर महीने में बसों की एक खेप मिल जाएगी. पहले चरण में 35 बसें और दूसरे चरण में 15 बस मिलेंगी.
डिमांड के आधार पर तय होंगे रूट
इन बसों के रूट तय करने के लिए प्रशासन शहर की जनता और यात्रियों से सुझाव या राय लेने जा रही है. बिलासपुर जिला अर्बन पब्लिक सर्विस सोसाइटी ने आम लोगों, स्टूडेंट्स, नौकरीपेशा और दूसरे लोगों से सुझाव मांगे हैं. बताया जा रहा है कि डिमांड और यात्रियों की संख्या के आधार पर रूट तय किए जाएंगे.
सुझाव कैसे दे सकते हैं?
आम लोग अपनी राय या सुझाव bdupssbilaspur@gmail.com पर ई-मेल कर सकते हैं. बिलासपुर नगर निगम के विकास भवन में स्थित अर्बन पब्लिक सर्विस सोसाइटी में पहुंचकर सुझाव दे सकते हैं.
कोनी में तैयार हो रहा डिपो
ई-बसों के लिए कोनी में 8 करोड़ रुपये की लागत से डिपो का निर्माण किया जा रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसका लगभग 60 से 70 फीसदी कार्य पूर्ण हो चुका है. यहां 14 चार्जिंग प्वॉइंट्स की व्यवस्था होगी. पहले ई-बसों के संचालन के लिए योजना बनी थी. इसे पीपीपी मॉडल के तहत तैयार किया गया था.
नगर निगम द्वारा प्रस्तावित 6 रूट्स
पहला रूट: रेलवे स्टेशन, तास्बहार चौक, पुराना हाई कोर्ट, गांधी चौक, दयालबंद, जगमल चौक, देवरी खुर्द, लाल खदान, दर्रीघाट, मस्तूरी और मल्हार
दूसरा रूट: रेलवे स्टेशन, मंदिर चौक, महाराणा प्रताप चौक, तोरवा, हाईटेक बस स्टैंड, बोदरी, चकरभाठा, हिरीं, बिल्हा
तीसरा रूट: रेलवे स्टेशन, मंदिर चौक, नेहरू चौक, महामाया चौक, कोनी, केंद्रीय विश्वविद्यालय, सेंदरी, गतौरी, भरारी, रानीगांव, रतनपुर और खूंटाघाट
चौथा रूट: रेलवे स्टेशन, मंदिर चौक, नेहरू चौक, महामाया चौक, सुभाष चौक, नूतन चौक, राजकिशोर नगर, मोपका, सीपत, कौड़िया और लुतरा शरीफ
पांचवां रूट: रेलवे स्टेशन, मंदिर चौक, नेहरू चौक, कलेक्ट्रेट, मुंगेली नाका चौक, मंगला नाका, उस्लापुर, सकरी, नेवरा, मोहनभाठा, पीपरतराई और कोटा
छठा रूट: रेलवे स्टेशन, मंदिर चौक, नेहरू चौक, कलेक्ट्रेट, मुंगेली नाका चौक, मंगला नाका, उस्लापुर, सकरी, कानन पेंडारी, काठाकोनी और तखतपुर
