Vistaar NEWS

बिलासपुर से कोलकाता की उड़ान 25 अक्टूबर से बहाल, नई उड़ानें नहीं मिलने पर नाराजगी

FLIGHTS

सांकेतिक तस्वीर

Bilaspur Kolkata Flight Resumes: बिलासपुर. बिलासपुर की हवाई सुविधा को लेकर लंबे समय से जारी मांग और विरोध के बाद कोलकाता की उड़ान 25 अक्टूबर से बहाल होने जा रही है. नए विंटर शेड्यूल में बिलासपुर से कोलकाता के लिए सप्ताह में दो दिन सीधी उड़ान संचालित होगी. वहीं, प्रयागराज के लिए भी सप्ताह में एक दिन हवाई सेवा जारी रहेगी. हालांकि, नए शेड्यूल में बिलासपुर को कोई नई उड़ान नहीं मिलने से हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने नाराजगी जताई है.

समिति का कहना है कि बिलासपुर को नई हवाई सेवाएं देने के बजाय राज्य सरकार रायपुर से नई उड़ानें शुरू करने पर जोर दे रही है, जबकि रायपुर में पहले से ही हवाई सेवाओं का बेहतर नेटवर्क उपलब्ध है. समिति ने इसे बिलासपुर के साथ अन्याय बताते हुए राज्य सरकार की नीति पर सवाल उठाए हैं. (Bilaspur Kolkata Flight Resumes)

सुबह की बजाय दोपहर बाद संचालित होगी उड़ान

विंटर शेड्यूल के अनुसार, बिलासपुर से कोलकाता के बीच सप्ताह में दो दिन सीधी उड़ान मिलेगी. हालांकि, उड़ान का समय बदल दिया गया है. अब यह सेवा सुबह के बजाय दोपहर बाद संचालित होगी. इससे यात्रियों को सुविधा तो मिलेगी, लेकिन समय में बदलाव का असर उनकी यात्रा योजना पर भी पड़ सकता है.

रायपुर को दो नई उड़ानें, बिलासपुर को नहीं मिला विस्तार

हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति के अनुसार, राज्य सरकार ने रायपुर से हैदराबाद और नई दिल्ली के लिए दो नई सब्सिडी वाली उड़ानों की अनुशंसा की है. समिति का दावा है कि रायपुर से पहले ही नई दिल्ली के लिए प्रतिदिन छह और हैदराबाद के लिए तीन उड़ानें संचालित हो रही हैं. इसके अलावा इंडिगो, एयर इंडिया और स्टार एयर जैसी विमानन कंपनियां भी रायपुर से सेवाएं दे रही हैं.

दूसरी ओर, बिलासपुर में हवाई सेवाओं का संचालन मुख्य रूप से एलाइंस एयर के भरोसे है. समिति का कहना है कि एलाइंस एयर के पास विमानों की कमी होने के बावजूद राज्य सरकार द्वारा नई उड़ानों को रायपुर से संचालित करने का निर्णय बिलासपुर के हित में नहीं है. इससे क्षेत्र के यात्रियों को पर्याप्त हवाई कनेक्टिविटी नहीं मिल पा रही है.

बिलासपुर से दिल्ली और हैदराबाद की उड़ान चलाने की मांग

समिति ने मांग की है कि रायपुर से प्रस्तावित उड़ानों को बिलासपुर से संचालित किया जाए. इसके तहत अंबिकापुर-रायपुर-जगदलपुर-हैदराबाद उड़ान को अंबिकापुर-बिलासपुर-जगदलपुर होते हुए हैदराबाद तक चलाने का सुझाव दिया गया है. इसी तरह रायपुर-रीवा-दिल्ली उड़ान को बिलासपुर-रीवा-दिल्ली के रूप में संचालित करने की मांग की गई है. (Bilaspur Kolkata Flight Resumes)

समिति का कहना है कि इससे बिलासपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़े शहरों तक पहुंचने के लिए बेहतर हवाई संपर्क मिलेगा. समिति ने आरोप लगाया कि दूरदर्शिता की कमी के कारण लिए जा रहे फैसलों का खामियाजा बिलासपुर को भुगतना पड़ रहा है. उसने राज्य सरकार से क्षेत्र की हवाई सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देने की मांग की है.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः बिलासपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस ने छोड़ी पानी की बौछारें… बेलतरा में जमीन की नपाई और सीमांकन को लेकर विरोध

Exit mobile version