Bilaspur News: बिलासपुर जिले के रतनपुर इलाके में रविवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई. पाली-तानाखार क्षेत्र के विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम के वाहन पर किसी ने पत्थर चला दिया. पत्थर लगने से गाड़ी की खिड़की का शीशा चकनाचूर हो गया. गनीमत रही कि विधायक समेत गाड़ी में सवार किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं पहुंची. चालक की समझदारी से बड़ा हादसा टल गया.
वापस लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार विधायक सिंघरी गांव में आयोजित गौरा-गौरी पर्व के समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बनकर पहुंचे थे. कार्यक्रम खत्म होने के बाद वे रात करीब साढ़े ग्यारह बजे वहां से वापस लौट रहे थे. सिंघरी के मुख्य रास्ते पर पहुंचते ही अचानक अंधेरे से एक पत्थर उनकी गाड़ी की ओर आया. पत्थर ठीक उसी तरफ लगा, जहां विधायक बैठे थे. आवाज सुनकर गाड़ी में बैठे लोग घबरा गए, लेकिन चालक ने गाड़ी को संभाले रखा और आगे बढ़ा दिया.
हमलावर मौके से भाग निकला
बताया जा रहा है कि विधायक के काफिले से थोड़ी ही दूरी पर पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी भी चल रही थी. इसके बावजूद हमलावर ने मौका पाकर वारदात कर दी और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला. घटना के बाद विधायक के साथ चल रहे सहयोगियों ने इसकी सूचना थाने को दी.
पत्थर लगने से शीशा टूटा
विधायक के प्रतिनिधि ने बताया कि पत्थर लगने से सिर्फ शीशा टूटा है, किसी को खरोंच तक नहीं आई है. हालांकि देर रात इस तरह निशाना बनाने से कई सवाल खड़े हो गए हैं. क्या यह किसी शरारत का नतीजा था या फिर सोची-समझी साजिश, यह अभी साफ नहीं हो पाया है. रतनपुर पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है.
शुरुआती पूछताछ में दो युवकों के बीच आपसी झगड़े के दौरान पत्थर चलने की बात सामने आई है. पुलिस ने एक किशोर समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है. उनसे पूछताछ की जा रही है कि पत्थर जानबूझकर गाड़ी को निशाना बनाकर मारा गया था या झगड़े के दौरान गलती से लग गया.
