बिलासपुर. सांपों की दुनिया में कुछ प्रजातियां ऐसी भी हैं, जिनके बारे में लोगों ने कई तरह की धारणाएं बना रखी हैं. ऐसी ही एक प्रजाति है बैंडेड करैत, जिसे स्थानीय भाषा में अहिराज, देवता या सांपों का राजा भी कहा जाता है. पीले और काले रंग की आकर्षक धारियों वाला यह सांप जितना रहस्यमयी दिखाई देता है, उतना ही महत्वपूर्ण प्रकृति के संतुलन के लिए भी है. यह जहरीला होता है, लेकिन इसके द्वारा इंसानों को डसने के मामले अपेक्षाकृत कम सामने आते हैं. (Banded Krait Ahiraj Snake Bilaspur Rescue)
गायत्री एन्क्लेव कॉलोनी, बिजौर में कचरे के ढेर से करीब पांच फीट लंबा अहिराज सांप पकड़ा गया. सांप को सुरक्षित पकड़ने का काम राजकिशोर नगर निवासी वंश गुप्ता ने किया. रेप्टाइल एक्सपर्ट अजिता पाण्डेय के अनुसार यह अहिराज यानी बैंडेड करैत का वैज्ञानिक नाम बूंगारस फसकीटस है. इसे लेकर समाज में कई तरह की भ्रांतियां प्रचलित हैं. इनमें एक धारणा यह भी है कि इसकी पूंछ में जहर होता है और बांस की लकड़ी से छूने पर शरीर गलने लगता है. रेप्टाइल एक्सपर्ट अजिता पाण्डेय के अनुसार, ये दोनों बातें पूरी तरह गलत हैं. इसके विषदंतों के माध्यम से न्यूरोटॉक्सिक वेनम शरीर में पहुंचता है, पूंछ में जहर नहीं होता.
यह मुख्य रूप से दूसरे सांपों को अपना शिकार बनाता है. घोड़ा करैत, कोबरा और पानी में रहने वाली सांपों की प्रजातियां भी इसके भोजन में शामिल हो सकती हैं. जिस इलाके में इसकी मौजूदगी होती है, वहां दूसरे सांपों की संख्या को प्राकृतिक रूप से नियंत्रित रखने में मदद मिलती है. इस लिहाज से यह इकोसिस्टम के लिए बेहद उपयोगी है. इसे देखते ही मारने के बजाय सुरक्षित रेस्क्यू को प्राथमिकता देनी चाहिए. (Banded Krait Ahiraj Snake Bilaspur Rescue)
रात में एक्टिव, ठंड में रहें सावधान
यह अन्य कई सांपों की तरह निशाचर होता है. यानी दिन की अपेक्षा रात में अधिक सक्रिय रहता है और इसी दौरान भोजन की तलाश में निकलता है. ठंड के दिनों में भी इसकी मौजूदगी देखी जा सकती है. पीले और काले रंग की स्पष्ट धारियां होने के कारण इसे दूसरे सांपों से पहचानना अपेक्षाकृत आसान होता है. हालांकि, इसकी पहचान के आधार पर इसे पकड़ने या छूने की कोशिश करना खतरनाक हो सकता है.
कम डसने के पीछे कई कारण
एक्सपर्ट के मुताबिक, यह सामान्य तौर पर इंसानों को अपना शिकार नहीं मानता. इसके कम डसने के पीछे कई कारण हो सकते हैं. अन्य सांपों की तुलना में इसकी प्रवृत्ति अपेक्षाकृत कम चंचल होती है. इसके अलावा पीले-काले रंग की स्पष्ट धारियों के कारण यह आसानी से दिखाई दे जाता है, जिससे अनजाने में इस पर पैर पड़ने जैसी घटनाओं की आशंका कुछ कम हो सकती है. हालांकि, इसका कम डसना इसे कम जहरीला नहीं बनाता. इसके डसने पर गंभीर खतरा हो सकता है, इसलिए इससे दूरी बनाए रखना और प्रशिक्षित रेस्क्यूअर की मदद लेना जरूरी है.
