Vistaar NEWS

Bilaspur News: तालाब में मिला 3 दिन से लापता किन्नर का शव, कार सवार युवकों से आखिरी बार हुई थी बातचीत

CG News

File Image

Bilaspur News: बिलासपुर.  सकरी के ग्राम पेंडारी स्थित मुरूम खदान के गहरे पानी से मंगलवार सुबह तीन दिन से लापता किन्नर का शव मिला. ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सिम्स भेजा. प्रारंभिक जांच में डूबने की आशंका जताई गई है, लेकिन पुलिस हत्या और हादसे दोनों एंगल से जांच कर रही है. शव करीब 72 घंटे पुराना होने के कारण शरीर डिकंपोज होना शुरू हो गया था, इसलिए चोट के निशान भी स्पष्ट नहीं हो सके हैं.

 मृतक की पहचान मन्नू चौक निवासी सागर पासी उर्फ शैगी (28) के रूप में हुई है. वह 2019 से किन्नर समुदाय के साथ रह रहा था. पुलिस के मुताबिक सागर रविवार सुबह स्कूटी से निकला था. वह एक साथी के साथ पहले कोटा के कोरी डेम गया. वहां से दोनों पेंडारी तालाब के पास पहुंचे. रात करीब 9 बजे तक दोनों ने वहां शराब पी.

 इसी दौरान कार से दो युवक वहां पहुंचे. सागर की उनसे बातचीत हुई. इसके बाद सागर ने साथी से कहा कि उसका मोबाइल बंद हो गया है और मोबाइल व स्कूटी उसे थमा दी. साथी को अकेले घर जाने के लिए कहने के बाद सागर वहीं रुक गया. इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला. परिजन और परिचित तीन दिन से उसकी तलाश कर रहे थे. मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने तालाब में शव देखा तो पुलिस को सूचना दी.

पीएम और कार सवार युवकों से पूछताछ से खुलेगा राज

सीएसपी परमेश्वर तिलकवार ने बताया कि शव करीब 72 घंटे पुराना है और पानी में पड़े रहने से डिकंपोज हो चुका है. ऐसे में शरीर पर चोट के निशान स्पष्ट नहीं हैं. पुलिस हत्या और हादसे दोनों पहलुओं से जांच कर रही है. पीएम रिपोर्ट के साथ कार सवार युवकों से पूछताछ के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है. फिलहाल पुलिस तकनीकी जांच के साथ घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

Exit mobile version