बिलासपुर. सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गंगानगर में सास को कोल्ड ड्रिंक में कीटनाशक मिलाकर पिलाने का मामला सामने आया है. 57 वर्षीय रूखमणी ठाकुर उर्फ भूखिन ठाकुर ने अपनी बहू कविता ठाकुर पर जान से मारने की नीयत से जहर पिलाने का आरोप लगाया है. घटना के बाद तबीयत बिगड़ने पर महिला को निजी अस्पताल से सिम्स में भर्ती कराया गया, जहां करीब एक सप्ताह तक वह वेंटिलेटर पर रही. हालत गंभीर होने के कारण वह तत्काल पुलिस को बयान नहीं दे सकी. पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी बहू के खिलाफ धारा 118(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार रूखमणी ने अपने बयान में बताया कि 17 जुलाई को वह उपवास पर थी. सुबह करीब 11 बजे काम से घर लौटी थी. कुछ देर बाद बहू कविता ने उसे कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दी. कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद उसने चाय भी पी. इसके कुछ ही देर बाद उसे उल्टी और चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गई. परिजन उसे मंगला चौक स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. हालत गंभीर होने पर उसे सिम्स रेफर किया गया, जहां करीब एक सप्ताह तक वेंटिलेटर पर उपचार चला.
हालत सुधरी तो सिम्स में दर्ज हुआ बयान
पीड़िता के मुताबिक गंभीर हालत के कारण वह तत्काल पुलिस को घटना के संबंध में बयान नहीं दे सकी. 2 अगस्त को जब उसकी हालत बयान देने योग्य हुई तो सिम्स में पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया. इसके बाद 3 अक्टूबर को उसने लिखित शिकायत पुलिस को दी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है.
जेवर और नकदी लेकर मायके जाने का आरोप
रूखमणी ने आरोप लगाया कि उसके अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान बहू कविता अचानक घर से चली गई. इसके बाद उसने अपने मायके वालों को बुलाया और घर में रखे सोने-चांदी के जेवर तथा करीब 3.50 लाख रुपए नकद लेकर मुंगेली जिले के ग्राम टिंगीपुर चमारी चली गई. पीड़िता का यह भी आरोप है कि घटना के बाद बहू और उसके मायके वालों ने उसकी तबीयत की जानकारी लेने तक की जरूरत नहीं समझी.
प्रेम संबंध का राज खुलने के बाद बढ़ा विवाद
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसे बहू कविता के एक युवक से प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली थी. उसने कविता को युवक से फोन पर बात करते हुए पकड़ लिया था. इसके बाद उसने इस संबंध में अपने पति राजकुमार को बताया और कविता का मोबाइल अपने पास रखने के लिए कहा. 10 जुलाई को राजकुमार ने कविता का मोबाइल अपने पास रख लिया था.
रूखमणी के अनुसार इसके बाद कविता नाराज रहने लगी और दोनों के बीच विवाद तथा गाली-गलौज होने लगी. पीड़िता ने आशंका जताई है कि प्रेम संबंध का राज खुलने और इसी रंजिश के चलते बहू ने उपवास के दौरान कोल्ड ड्रिंक में कीटनाशक मिलाकर उसे पिला दिया.
दो माह बाद कार्रवाई पर उठाए सवाल
पीड़ित पक्ष ने मामले की पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि घटना के बाद जांच में करीब दो माह लग गए और कार्रवाई महज खानापूर्ति तक सीमित रही. पीड़ित पक्ष का कहना है कि कीटनाशक पीने के बाद महिला की हालत बेहद गंभीर हो गई थी और उसे कई दिनों तक अस्पताल में उपचार कराना पड़ा. अब पीड़ित पक्ष ने मामले में उचित और प्रभावी कार्रवाई के लिए उच्च पुलिस अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Raipur: अडानी फैक्ट्री में बवाल, बिहार-छत्तीसगढ़ के मजदूरों में झड़प, TI समेत कई पुलिसकर्मी घायल
