Stone-Pelting in Bilaspur Clash: बिलासपुर. शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज इलाके में शुक्रवार देर शाम दो पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट के बाद हुई पत्थरबाजी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने दोनों पक्षों से कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है.
बताया गया कि शुक्रवार शाम युवकों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और दोनों पक्षों के लोगों की भीड़ जुटने लगी. इसके बाद खपरगंज इलाके में पथराव शुरू हो गया. घटना में कुछ पुलिसकर्मियों समेत कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी.
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े. देर रात तक पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे. एसएसपी रजनेश सिंह ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. जिले के अलग-अलग थानों से अतिरिक्त बल भी बिलासपुर बुलाया गया.
दो अलग-अलग अपराधों में हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार मामले में अपराध क्रमांक 488/2026 में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें मौला बक्स उर्फ जूब्बू (37), शेख अजरूद्धीन उर्फ अज्जू (25), मोहम्मद जाहिद खान (45), सफीक अहमद उर्फ राजा खान (31), शकीर उर्फ सोनू (24), मोहम्मद लाईक (37), रेहान अली उर्फ ईरानी (19) और मो. जुनैद (21) शामिल हैं.
वहीं अपराध क्रमांक 489/2026 में तीन आरोपियों राजू यादव उर्फ नान (30), राकेश यादव उर्फ रिंकु (24) और छत्रपाल साहू (25) को गिरफ्तार किया गया है.
इलाके में पुलिस की कड़ी निगरानी
घटना के बाद खपरगंज, गोलबाजार और सदरबाजार सहित आसपास के संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस ने भीड़ को हटाकर स्थिति सामान्य करने के साथ ही घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. सोशल मीडिया पर अफवाह या भड़काऊ सामग्री प्रसारित नहीं करने की भी लोगों से अपील की गई है.
