Vistaar NEWS

CG Crime News: शासकीय पट्टे की 20 एकड़ जमीन बेचने के नाम पर 45.21 लाख की ठगी

delhi Crime News

CG Crime News: बिलासपुर. शासकीय पट्टे की जमीन को अपना बताकर बिक्री का सौदा करने और 45 लाख 21 हजार रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि जमीन के राजस्व न्यायालय में लंबित प्रकरण की जानकारी होने के बावजूद आरोपियों ने प्रार्थी से रकम लेकर उसे जमीन बेचने का भरोसा दिलाया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. 

पुलिस के अनुसार, विजयापुरम कॉलोनी, सरकंडा निवासी दीपक सोनी ने 24 अक्टूबर को सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया कि महर्षि स्कूल रोड, मंगला स्थित नीता डेयरी और गीतांजलि पार्क के पहले ग्राम धमनी में करीब 20 एकड़ जमीन का सौदा सैय्यद शमशाद अली, उसकी पत्नी कमरूनिशा और सोनू उर्फ चंद्रप्रकाश दुबे के माध्यम से तय हुआ था. प्रार्थी के मुताबिक, जमीन खरीदने के लिए उसने अलग-अलग किस्तों में कुल 45 लाख 21 हजार रुपये ऑनलाइन, आरटीजीएस और नकद माध्यम से शमशाद अली और उसकी पत्नी को दिए थे. 

इसके बाद जमीन का सीमांकन कराकर रजिस्ट्री करने को कहा गया. आरोप है कि जमीन के दस्तावेज तैयार कर रजिस्ट्री कराने का आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी न तो सीमांकन कराया गया और न ही रजिस्ट्री की गई. दस्तावेज उपलब्ध कराने में टालमटोल होने पर प्रार्थी ने स्वयं ऑनलाइन जमीन के रिकॉर्ड की जांच की. इसमें जमीन शासकीय पट्टे की होने की जानकारी सामने आई. इस संबंध में आरोपियों से पूछताछ करने पर रिकॉर्ड दुरुस्त नहीं होने के कारण जमीन शासकीय दिखाई देने की बात कही गई. बाद में पुराने राजस्व रिकॉर्ड की जांच में पता चला कि जमीन को लेकर राजस्व न्यायालय में प्रकरण लंबित है.

शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी ने आरोप लगाया कि जमीन की वास्तविक स्थिति और राजस्व न्यायालय में मामला लंबित होने की जानकारी के बावजूद आरोपियों ने बेईमानी की नीयत से सौदा कर रकम प्राप्त की. शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन में धारा 420, 467, 468, 471 और 120बी भादवि में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. पुलिस टीम ने उनके ठिकानों पर दबिश देकर सैय्यद शमशाद अली 71 वर्ष निवासी शीतला मंदिर के पास, तालापारा, सोनू उर्फ चंद्रप्रकाश दुबे 42 वर्ष निवासी कड़ार हिरासत में लिया. पूछताछ के बाद पुलिस ने 26 अक्टूबर को दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः देश के सबसे तेज धावक अनिमेष कुजूर का सरगुजा पुलिस ने किया सम्मान, 100 मीटर में 10.14 सेकंड का है सर्वश्रेष्ठ समय

Exit mobile version