‘एसपी से शिकायत कर दो, मुझे लाइन अटैच करा दो…’, पैसे नहीं दूंगा बोलने वाला हेड-कॉन्स्टेबल सस्पेंड, 40 हजार की ली थी रिश्वत

CG News: जांजगीर जिले में जमीन पर कब्जा दिलाने के नाम पर 40 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में पंतोरा चौकी में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक रमेश कुमार त्रिपाठी को एसपी विजय कुमार पांडेय ने निलंबित कर दिया है.
CG News

रमेश कुमार त्रिपाठी

CG News: जांजगीर-चांपा जिले में हेड कॉन्स्टेबल पर जमीन पर कब्जा दिलाने के नाम पर 40 हजार रिश्वत लेने का मामला सामने आया है. जिसके बाद पंतोरा चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक रमेश कुमार त्रिपाठी को एसपी विजय कुमार पांडेय ने सस्पेंड कर दिया है.

हेड-कॉन्स्टेबल ने ली 40 हजार की रिश्वत

इस मामले से जुड़े बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया है. जानकारी के मुताबिक, पंतोरा चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक रमेश त्रिपाठी पर आरोप है कि उसने विकास देवांगन नामक व्यक्ति से जमीन पर कब्जा दिलाने के नाम पर 40 हजार रुपये की मांग की थी. आरोप के मुताबिक विकास ने पहले 30 हजार रुपये दिए, जिसके बाद शेष 10 हजार रुपये भी प्रधान आरक्षक को दे दिए, हालांकि पूरी रकम लेने के बावजूद कथित तौर पर जमीन पर कब्जा नहीं दिलाया जा सका.

पैसे लेने का बाद भी नहीं किया काम

काम नहीं होने पर जब विकास देवांगन ने अपने पैसे वापस मांगे तो प्रधान आरक्षक ने पैसे लौटाने से इंकार कर दिया. प्रसारित वीडियो में वह यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि, एसपी से शिकायत कर दो, मैं पैसा वापस नहीं करूंगा. मुझे लाइन अटैच करा दो, 10 हजार रुपये मैं दूंगा, तुम कुछ भी करो पैसे वापस नहीं करूंगा.

ये भी पढ़ें- 13 जुलाई से शुरू होगा छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र, अधिसूचना जारी

वीडियो हुआ था वायरल

मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने प्रधान आरक्षक रमेश त्रिपाठी को निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया है. साथ ही पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी अकलतरा डीएसपी प्रदीप सोरी को सौंपी गई है. पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ज़रूर पढ़ें