CG News: कवर्धा. ग्राम मजगांव में व्यवसायी के घर से हुई 12.50 लाख रुपये की चोरी का सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने खुलासा कर दिया है. चोरी की वारदात को पड़ोसी के 19 वर्षीय बेटे ने अंजाम दिया था.
उसने घर की छत फांदकर आलमारी के लॉकर से नकदी पार की. चोरी की जानकारी मिलने के बाद आरोपी के पिता ने पुलिस को बताने के बजाय बेटे का साथ दिया और रकम को खेत में बने बोरवेल के कमरे में छिपा दिया. पुलिस ने मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर 11 लाख 53 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं.
गणेश उत्सव के दौरान सूना मकान देख वारदात
पुलिस के मुताबिक घटना 15 सितंबर को गणेश चतुर्थी की शाम हुई. गांव के लोग गणेश पंडालों में आयोजित कार्यक्रमों में व्यस्त थे. इसी दौरान ट्रांसपोर्ट और कृषि कार्य से जुड़े हीरालाल साहू के सूने मकान को देखकर पड़ोस में रहने वाले कमलेश पटेल (19) ने चोरी की योजना बनाई.
कमलेश अपने पुराने मकान की छत के रास्ते हीरालाल के घर की छत पर पहुंचा. इसके बाद वह कमरे में दाखिल हुआ. पहचान छिपाने के लिए उसने कमरे का बल्ब निकाल दिया और अंधेरा कर दिया. फिर आलमारी का लॉकर खोलकर उसमें रखे 500, 200 और 100 रुपये के नोटों के बंडल गमछे में बांधे और वहां से फरार हो गया.
पीड़ित ने 24 सितंबर को सिटी कोतवाली में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने धारा 305(ए) और 331(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की.
चोरी के बाद पिता ने बेटे का दिया साथ
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चोरी के अगले दिन कमलेश ने अपने पिता भागवत पटेल (50) को पूरी घटना बता दी थी. पिता ने बेटे को पुलिस के हवाले करने के बजाय चोरी की रकम छिपाने में उसकी मदद की. दोनों ने रकम को पुराने मकान से निकालकर पहले खेत में बने बोरवेल के कमरे में छिपा दिया.
बारिश शुरू होने के बाद दोनों ने रकम को वहां से निकालकर घर की आलमारी में रख दिया. पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी की रकम में से करीब 47 हजार रुपये खाने-पीने और 50 हजार रुपये वाहन की मरम्मत तथा पार्ट्स खरीदने में खर्च कर दिए गए थे.
तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन, एएसपी हेमसागर सिदार और अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा सीएसपी अखिलेश कौशिक और प्रशांत देवांगन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी. टीम ने घटनास्थल से मिले भौतिक साक्ष्यों के साथ तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया. जांच के आधार पर पुलिस ने 29 सितंबर को कमलेश और उसके पिता भागवत पटेल को गिरफ्तार कर लिया.
कार्रवाई में कोतवाली टीआई लालजी सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी उमाशंकर राठौर, एएसआई सुरेश जायसवाल, चंद्रकांत तिवारी, आशीष सिंह, आरक्षक अमित ठाकुर, अजय वैष्णव और गज्जू राजपूत की भूमिका रही. आरोपियों की निशानदेही पर 11 लाख 53 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः खबर का असरः 24 घंटे में दुरुस्त हुआ कुम्हारी पुराना पुल, गहरे गड्ढों से मिली राहत
