Vistaar NEWS

CG News: Girl Friend से मिलने पहुंचा युवक, पीट-पीटकर हत्या

CG News:रायगढ़. जूटमिल थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृत युवक की पहचान सतीगुड़ी चौक निवासी 35 वर्षीय शिवा सेठ्‌ठी के रूप में हुई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है.

8 सितंबर की रात शिवा सेठ्‌ठी ट्रांसपोर्ट नगर में अपनी महिला मित्र (Girl Friend) से मिलने गया था. इसी दौरान मोहल्ले के राजू महंत, कृष्णा साव और धन्नू निषाद ने उसे वहां आने से रोका. बात बढ़ने पर तीनों ने मिलकर शिवा के साथ हाथ-मुक्के और लात-घूंसों से जमकर मारपीट की और उसे जमीन पर पटक-पटक कर पीटा, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी और बाहरी चोटें आईं.

घटना के बाद शिवा किसी तरह वहां से निकला और अपने दोस्त को इसकी जानकारी दी. प्राथमिक इलाज के बाद वह घर चला गया, जहां अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर आई गंभीर चोट (हेड इंजरी) को मौत का मुख्य कारण बताया गया है.

जेल के बाहर से धरे गए आरोपी

शुरुआत में मामला कोतवाली थाने में दर्ज हुआ, जिसे बाद में घटनास्थल के आधार पर जूटमिल थाने स्थानांतरित किया गया. गवाहों के बयान और पीएम रिपोर्ट के आधार पर 12 सितंबर को हत्या का मामला दर्ज किया गया.

जूटमिल थाना प्रभारी अभिनव कांत सिंह को सूचना मिली कि आरोपी राजू महंत (35 वर्ष) और कृष्णा साव (35 वर्ष) किसी अन्य पुरानी कार्रवाई के तहत रायगढ़ जिला जेल में बंद हैं और जल्द ही रिहा होने वाले हैं. इस पर पुलिस टीम ने जेल के बाहर से ही दोनों को परिजनों के सामने दबोच लिया. पूछताछ में दोनों ने अपने तीसरे साथी धन्नू निषाद के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली है. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेज दिया है, वहीं फरार तीसरे आरोपी धन्नू निषाद की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Ganesh Chaturthi 2026: ये है छत्तीसगढ़ का रहस्यमयी ‘भूमि फोड़’ गणेश मंदिर, 100 साल से बढ़ रहा है मूर्ति की लंबाई

Exit mobile version