Vistaar NEWS

Chhattisgarh Accident News: नाबालिग की कार से टकराकर पांच फीट उछला इंजीनियर, बाइक 50 मीटर घिसटी, देखें Video

chhattisgarh-accident-news-minor-car-driver-rams-engineer-sarkanda-bilaspur-cctv-video

सरकंडा की स्वर्णिमा एरा रिहायशी कॉलोनी में तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार इंजीनियर करीब 5 फीट उछलकर कार की छत पर जा गिरा. कार बाइक को घसीटते हुए 50 मीटर तक आगे गई, तब जाकर रुकी. हादसे में इंजीनियर के पैर में गंभीर चोट आई है. उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. कार में तीन लोग सवार थे और गाड़ी नाबालिग चला रहा था. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.

सिरगिट्टी के गणेश नगर स्थित अन्नपूर्णा कॉलोनी निवासी साहिल खान ने सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. साहिल डीपी कॉलेज में एमए का छात्र है. उसने पुलिस को बताया कि उसका बड़ा भाई समीर खान फ्लिपकार्ट में इंजीनियर है. 12 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:30 बजे समीर बाइक (सीजी 10 एडब्ल्यू 2894) से ड्यूटी के सिलसिले में स्वर्णिमा एरा की ओर जा रहा था. गीतांजलि सिटी के बाजू स्थित स्वर्णिमा एरा के पास सामने से आ रही कार (सीजी 10 बीई 1235) ने उसकी बाइक को दाहिनी तरफ से टक्कर मार दी.

वीडियो फुटेज में साफ दिख रहा है कि कार चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था. टक्कर के बाद समीर उछलकर कार की छत पर जा गिरा. शिकायतकर्ता के अनुसार, यदि वह कार के सामने गिरता तो कार उसके ऊपर चढ़ सकती थी. हादसे में समीर के पैर में गंभीर चोट आई. उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना के अगले दिन उसके भाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज किया.

एक के माता-पिता शिक्षक, दूसरे के पिता आरक्षक

जानकारी के अनुसार बाइक को टक्कर मारने वाले नाबालिगों में से एक लोयला स्कूल में आठवीं का छात्र है. उसके माता-पिता दोनों शिक्षक हैं. दूसरा बिड़ला माइंड स्कूल में पढ़ता है. उसके पिता पुलिस विभाग में आरक्षक हैं. ​तीसरे बालक का पता नहीं चला है. इधर, पुलिस की एफआईआर में आरोपियों के नाम का उल्लेख नहीं है. उसमें आरोपी के रूप में केवल कार चालक का जिक्र किया गया है. आरोप है कि आरक्ष​क पिता की वजह से मामले में सख्त कार्रवाई नहीं की गई. वहीं ये भी सवाल उठ रहा है कि जब ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने पर तुरंत वाहन चालक के पास चालान पहुंच जाता है तो ​हादसे के बाद पुलिस कार्रवाई करने वाहन मालिक के पास क्यों नहीं पहुंच सकी. सिर्फ चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर खानापू​र्ति कर रही है.

नाबालिगों की रफ्तार से कॉलोनीवासी परेशान

गीतांजलि सिटी और स्वर्णिमा एरा की संकरी गलियों में नाबालिगों के तेज रफ्तार से कार और बाइक चलाने से हादसों का डर बना रहता है. कॉलोनीवासियों का आरोप है कि नाबालिगों को रोकने पर उनके परिजन उलटे देख लेने की धमकी देते हैं. इससे रहवासी परेशान हैं.

 वेयरहाउस रोड पर नाबालिगों की रफ्तार ले चुकी है जान

वेयरहाउस रोड पर 12 जुलाई की सुबह करीब 7:30 बजे तेज रफ्तार कार (सीजी 10 बीएच 7752) ने स्कूटी को टक्कर मार दी थी. हादसे में स्कूटी सवार छात्र की मौत हो गई थी. कार नाबालिग चला रहे थे. घटना के बाद नाबालिगों को कार देने वाले परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठी थी. एसएसपी रजनेश सिंह ने नाबालिगों को वाहन देने वाले परिजनों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए थे. अब सरकंडा में दूसरा हादसा हो गया, इस बार गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Bilaspur Cyber Crime News: बलौदाबाजार के युवक ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र में किराए पर दिया खाता, 5 राज्यों की ठगी से मिला लिंक

Exit mobile version