Vistaar NEWS

इस मांग को लेकर भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने किया था पदयात्रा का ऐलान, अब पार्टी ने थमाया कारण बताओ नोटिस

इनपुटः संदीप अग्रवाल.

पेंड्रा. गौरेला-पेंड्रा बाईपास की मांग को लेकर सोशल मीडिया पर पदयात्रा का ऐलान करना भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे को भारी पड़ गया. संगठन ने उनके सोशल मीडिया पोस्ट को संगठनात्मक मर्यादा और अनुशासन के विपरीत मानते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है. नोटिस में तीन दिन के भीतर लिखित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं.

दरअसल, सिद्धार्थ दुबे ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से गौरेला से नागपुर तक पदयात्रा निकालने की घोषणा की थी. प्रस्तावित पदयात्रा के दौरान रायपुर में उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात और इसके बाद नागपुर पहुंचकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष गौरेला-पेंड्रा बाईपास को स्वीकृति देने की मांग रखने की बात कही गई थी.

सोशल मीडिया पोस्ट में बाईपास के अभाव में क्षेत्र में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं और जनहानि का मुद्दा उठाया गया था. पदयात्रा का उद्देश्य आवागमन को सुगम बनाना, क्षेत्र के विकास को गति देना और स्थानीय लोगों को राहत दिलाना बताया गया था.

संगठन की ओर से जारी नोटिस में उल्लेख किया गया है कि सिद्धार्थ दुबे ने 22 और 31 अगस्त को फेसबुक के माध्यम से पार्टी संगठन और संगठनात्मक विषयों से संबंधित पोस्ट एवं टिप्पणियां सार्वजनिक की थीं. संगठन ने इसे संगठनात्मक मर्यादा के विपरीत मानते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा है. नोटिस जारी होने के बाद यह मामला जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है. अब सभी की नजर सिद्धार्थ दुबे के जवाब और संगठन की आगामी कार्रवाई पर है.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः केशकाल में दो सड़क हादसे, युवक-युवती की मौत, सात घायल

पढ़े क्या कहा गया है नोटिस में

Exit mobile version