Vistaar NEWS

CG News: क्रिकेट सट्टे के नेटवर्क का खुलासा, 25 करोड़ की संपत्तियों के दस्तावेज मिले

chhattisgarh-police-bust-online-cricket-betting-network-in-bilaspur-25-crore-property-documents-seized

ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिलासपुर पुलिस ने एक बड़े संगठित नेटवर्क का खुलासा किया है. इस नेटवर्क के तार देश के कई राज्यों के साथ विदेश, विशेषकर दुबई तक जुड़े होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस की जांच में हवाला के जरिए सट्टे की रकम का लेन-देन और अपराध से अर्जित संपत्तियां खरीदने के तथ्य सामने आए हैं. तलाशी के दौरान पुलिस को करीब 25 करोड़ रुपए की अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज मिले हैं. मामले में आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया है, जबकि रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.

 पुलिस के मुताबिक, यह मामला सिटी कोतवाली में दर्ज अपराध क्रमांक 229/2026 से जुड़ा है. इसकी शुरुआती कार्रवाई 5 अप्रैल 2026 को उदाई चौक स्थित बजरंग मंदिर के पास की गई थी. उस समय पुलिस को सूचना मिली थी कि जूना बिलासपुर निवासी दीपक भक्तानी मोबाइल और इंटरनेट के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिला रहा है. पुलिस ने घेराबंदी कर दीपक भक्तानी को पकड़ा था. पूछताछ में उसने विशाल विधानी और मोबाइल धारक राजा अरोरा के साथ मिलकर सट्टा संचालित करने की जानकारी दी थी.

आईडी उपलब्ध कराने के बदले मिलता था 8 प्रतिशत कमीशन

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया था कि दीपक भक्तानी ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के लिए ग्राहकों से व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क करता था. उसे सट्टा खेलने की आईडी विशाल विधानी उपलब्ध कराता था. इसके बदले सट्टे से प्राप्त रकम का 8 प्रतिशत हिस्सा विशाल को दिया जाता था. दीपक ने पूछताछ में करीब दो साल से आईपीएल, टी-20, वनडे और अन्य क्रिकेट प्रतियोगिताओं में सट्टा खिलाने की बात बताई थी. पुलिस ने उस समय दीपक और विशाल को गिरफ्तार कर लिया था.

चार मोबाइल, नकदी और स्कूटी जब्त

शुरुआती कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के स्क्रीनशॉट, 1 लाख 10 हजार रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल स्कूटी जब्त की थी. जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1 लाख 60 हजार रुपये बताई गई थी. पुलिस ने मोबाइल धारक राजा अरोरा की तलाश भी शुरू की थी.

तलाशी में मिले 25 करोड़ की संपत्तियों के दस्तावेज

मामले की आगे की विवेचना में पुलिस ने सट्टे से अर्जित रकम के स्रोत, बैंक खातों और हवाला नेटवर्क की जांच शुरू की. इसी क्रम में 13 नवंबर 2026 को तलाशी की कार्रवाई की गई. इसमें करीब 4 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण, महंगी घड़ियां, बैंकिंग दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण कागजात मिले. पुलिस को करीब 25 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों के दस्तावेज भी मिले हैं.

 जांच में विदेश, विशेषकर दुबई में भी संपत्तियां अर्जित किए जाने की जानकारी सामने आई है. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इन संपत्तियों को खरीदने के लिए रकम कहां से आई और इनके वास्तविक मालिक तथा लाभार्थी कौन हैं.

संपत्तियों की कुर्की की तैयारी

बिलासपुर पुलिस के मुताबिक, अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 107 के तहत कुर्की की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि कार्रवाई केवल सट्टा खिलाने वाले लोगों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे वित्तीय नेटवर्क और हवाला के जरिए होने वाले लेन-देन की जांच कर अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा.

आरोपियों के नाम

Exit mobile version