CG News: बिलासपुर से प्रयागराज होते हुए नई दिल्ली जा रही अलायंस एयर की फ्लाइट 9आई 698 में शुक्रवार दोपहर उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आ गई. मेरठ के करीब पहुंचने पर पायलट को विमान के एक इंजन में समस्या का पता चला. स्थिति की जानकारी तत्काल दिल्ली एयर ट्रैफिक कंट्रोल को दी गई और विमान की आपात लैंडिंग की अनुमति मांगी गई.
पायलट के संदेश के बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई. विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए रनवे पर दमकल की गाड़ियां, एंबुलेंस और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं तैनात कर दी गईं. करीब 2:15 बजे विमान को सुरक्षित एयरपोर्ट पर उतार लिया गया. विमान में क्रू सदस्यों सहित कुल 54 लोग सवार थे और सभी पूरी तरह सुरक्षित बताए गए हैं. घटना के बाद डीजीसीए ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं.
बिलासपुर से सुबह रवाना हुई थी फ्लाइट
जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट ने शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे बिलासपुर से प्रयागराज के लिए उड़ान भरी थी. विमान लगभग 11:58 बजे प्रयागराज पहुंचा. यहां कुछ देर ठहरने के बाद दोपहर 12:33 बजे फ्लाइट ने नई दिल्ली के लिए उड़ान भरी.
मेरठ के पास आई इंजन में खराबी
नई दिल्ली के रास्ते में मेरठ के आसपास पहुंचने पर पायलट को विमान के एक इंजन में तकनीकी गड़बड़ी का पता चला. बताया जा रहा है कि विमान का बायां इंजन अचानक काम करना बंद कर गया. पायलट ने बिना देरी किए एयर ट्रैफिक कंट्रोल को स्थिति की जानकारी दी और दिल्ली एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग की अनुमति मांगी.
लैंडिंग तक यात्रियों में बना रहा तनाव
इंजन में खराबी की जानकारी सामने आने के बाद विमान में सवार यात्रियों के बीच घबराहट की स्थिति बन गई. यात्रियों के मुताबिक, विमान का एक इंजन बंद होने के बाद उनका ध्यान लगातार उसी तरफ बना रहा. हालांकि पायलट ने स्थिति को संभालते हुए विमान को दिल्ली एयरपोर्ट तक सुरक्षित पहुंचाया.
करीब 2:15 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों और क्रू ने राहत की सांस ली. घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. अब विमान में आई तकनीकी खराबी के कारणों का पता लगाने के लिए डीजीसीए की जांच की जाएगी.
ये भी पढे़ं- बिलासपुर एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, प्रयागराज से आई फ्लाइट का लैंडिंग के वक्त टायर फटा
