Vistaar NEWS

महतारी वंदन योजना में फर्जीवाड़ा, अब इन-इन लोगों से होगी वसूली

Mahtari Vandan Yojana

महतारी वंदन योजना

बिलासपुर. छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना में अपात्र लोगों द्वारा लाभ लेने का मामला सामने आया है. बिल्हा ब्लॉक में शासकीय शिक्षक, सहायक शिक्षक और अन्य सरकारी पदों पर कार्यरत कर्मियों के परिवारों की 11 महिलाओं को योजना का अपात्र हितग्राही पाया गया है. इन हितग्राहियों के खातों में नियम विरुद्ध तरीके से पहुंची कुल 1 लाख 24 हजार रुपए की राशि अब वसूल की जाएगी.

एकीकृत बाल विकास परियोजना, बिल्हा की जांच में यह मामला सामने आया. जांच के दौरान पाया गया कि चिन्हित महिलाओं के पति या स्वयं शासकीय सेवा में कार्यरत हैं. महतारी वंदन योजना के नियमों के तहत शासकीय सेवक के परिवार पात्रता की शर्तें पूरी नहीं करते हैं. इसके बावजूद इन महिलाओं के खातों में योजना की राशि पहुंचती रही.

11 अपात्र हितग्राही चिन्हित

जिन हितग्राहियों को अपात्र पाया गया है, उनमें रत्ना क्षत्री, गंगा बाई, रमा वर्मा, दिनेश्वरी कुरें, कुसुम यादव, गोदावरी कौशिक, रामेश्वरी साहू, कीर्ति पाटले, सविता कुर्रे, अमर ज्योति शांडिल्य और लक्ष्मी शामिल हैं. जांच में इनके परिवारों में पति या स्वयं के शासकीय सेवा में होने की जानकारी सामने आई है.

महिला एवं बाल विकास विभाग ने इन अपात्र हितग्राहियों की जानकारी बिल्हा के विकासखंड शिक्षा अधिकारी को भेजी है. इसके बाद बीईओ कार्यालय ने संबंधित लोगों के नाम चालान जारी कर राशि जमा करने के निर्देश दिए हैं.

राशि जमा नहीं की तो वेतन से होगी कटौती

बीईओ बिल्हा भूपेंद्र कौशिक के मुताबिक अपात्र हितग्राहियों से योजना के तहत प्राप्त राशि की वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. संबंधित लोगों को चालान के माध्यम से राशि जमा करने को कहा गया है. निर्धारित समय में राशि जमा नहीं करने पर संबंधित शासकीय कर्मचारियों के वेतन से रिकवरी की जाएगी.

महतारी वंदन योजना के तहत राज्य सरकार पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता देती है. योजना में पात्रता के लिए निर्धारित शर्तों का पालन अनिवार्य है. बिल्हा में सामने आए मामले के बाद विभाग अब अपात्र हितग्राहियों से राशि वापस लेने की कार्रवाई कर रहा है.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः CG IFS Transfer: छत्तीसगढ़ में 9 आईएफएस अधिकारियों का ट्रांसफर, इन वन अधिकारियों को नई जिम्मेदारी, देखें लिस्ट

Exit mobile version