Vistaar NEWS

CG News: लड़की की आवाज निकाली, शादी का दिया झांसा, फिर आकाउंट कर दिया खाली, जांजगीर में साइबर ठगी का खुलासा

CG News

आरोपी गिरफ्तार

CG News: जांजगीर-चांपा जिले में साइबर ठगी का अनोखा मामला सामने आया है. जहां दोआरोपी हेडफोन और ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए लड़की जैसी आवाज निकालते थे. उसके बाद फिर फोन पर लोगों के साथ शादी और रिश्ते की बात करते थे और रिश्ता पक्का कराने के नाम पर पैसे मांगते थे. रुपए मिलते ही मोबाइल बंद कर संपर्क भी तोड़ देते थे. मामला सामने आने के बाद साइबर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

लड़की की आवाज निकाली, फिर शादी का झांसा देकर ठगी

मिली जानकारी के मुताबिक, इस मामले की शुरुआत अजय राठौर की शिकायत से हुई है. 15 अगस्त के दिन अजय ने साइबर थाने में जाकर बताया कि एक व्यक्ति ने अस्पताल जाने के लिए तुरंत नकद पैसों की जरूरत बताई थी. उसने फोन-पे से अजय के खाते में दो हजार रुपये भेजे और बदले में नकद रकम ले ली. बात तब बिगड़ी, जब कुछ दिन बाद बैंक खाते पर होल्ड लग गया. अजय को पता चला कि उसके खाते में आई रकम साइबर ठगी से जुड़ी थी. इसके बाद पुलिस ने साइबर क्राइम पोर्टल की शिकायतों, मोबाइल नंबरों और बैंक लेन-देन की जांच शुरू की, जिससे मामले की कड़ियां जुड़ती गईं.

कई जिलों में फैला जाल

पुलिस की जांच में यह खेल सिर्फ जांजगीर-चांपा तक सीमित नहीं रहा. बैंक खातों और साइबर क्राइम पोर्टल की जांच के बाद पता चला कि कवर्धा, रायपुर, बलौदाबाजार, बालोद और महासमुंद सहित कई जिलों से जुड़े सुराग सामने आए हैं. पुलिस को आरोपियों के खातों में अलग-अलग लोगों से ठगी की रकम आने की जानकारी मिली है.

मोबाइल में मौजूद चैटिंग भी कई नए पीड़ितों की ओर इशारा कर रही है. खास बात यह है कि इनमें कुछ लोगों ने अभी तक थाने में शिकायत नहीं की है. पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ेगी तो पीड़ितों और ठगी की रकम का आंकड़ा और बढ़ सकता है.

ये भी पढ़ें- CG News: LPG सिलेंडर की डिलीवरी हो जाएगी बंद! 23 अगस्त से पहले निपटालें ये जरूरी काम

मामले की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, हेडफोन, व्हाट्सऐप चैटिंग से जुड़े साक्ष्य और ‘पवित्र रिश्ता डॉट कॉम’ के फ्लेक्सी-पंपलेट जब्त किए हैं. बैंक खातों और मोबाइल से मिले तकनीकी सबूतों की जांच अभी चल रही है. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66(D) के तहत कार्रवाई की गई है. गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.

Exit mobile version