Bilaspur News: बिलासपुर में करगी रोड रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी के तीन वैगन डिरेल होने की घटना में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने महज 10 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. रेलवे की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हादसा किसी तकनीकी खराबी से नहीं, बल्कि रेलवे ट्रैक पर छोड़े गए जेसीबी मशीन के भारी बकेट की वजह से हुआ.
आरपीएफ ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर पूरी कड़ी जोड़ते हुए घटना का खुलासा किया. मामले का मुख्य आरोपी, निजी ठेकेदार पवन नायक, अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है.
तीन वैगन पटरी से उतरे
घटना 13 जुलाई 2026 को दोपहर लगभग 2:20 बजे करगी रोड रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 स्थित लाइन संख्या-3 पर हुई. यहां एन-बॉक्स-914 खाली रैक के तीन वैगन अचानक पटरी से उतर गए. शुरुआती जांच में ही संकेत मिले कि ट्रैक पर कोई बाहरी भारी वस्तु आने के कारण हादसा हुआ है.
ये भी पढ़ें: करगी रेलवे स्टेशन पर टला बड़ा हादसा, मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतरे, जेसीबी बकेट धंसने की आशंका
जांच में क्या सामने आया?
आरपीएफ की जांच में पता चला कि जेसीबी मशीन का बकेट इंदौर से करगी रोड तक गाड़ी संख्या 18233 इंदौर–बिलासपुर नर्मदा एक्सप्रेस के ए-1 कोच में कोच अटेंडेंट के माध्यम से लाया गया था. यह बकेट निजी ठेकेदार पवन नायक (निवासी करपा, जिला अनूपपुर) ने मंगवाया था. मामले के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली गई है.
