हरिश साहू (कोरबा)
Korba: कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (DEO), विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) और समाज कल्याण विभाग के उप संचालक का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं.
कोरबा कलेक्टर ने डीईओ-बीईओ का वेतन रोकने का दिया निर्देश
जानकारी के मुताबिक, शिक्षा विभाग में पाठ्य पुस्तकों की स्कैनिंग कार्य में लापरवाही पाए जाने पर डीईओ और बीईओ के खिलाफ यह कार्रवाई की गई। वहीं समाज कल्याण विभाग के उप संचालक द्वारा नशा मुक्ति अभियान में अपेक्षित रुचि नहीं दिखाने पर उनका वेतन रोकने का आदेश जारी किया गया. कलेक्टर की इस सख्त कार्रवाई के बाद शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी योजनाओं और सौंपे गए कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
बता दें कि कलेक्टर कुणाल दुदावत ने मंगलवार को आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कर दिया कि लंबित मामलों और जनता से जुड़े प्रकरणों में अब किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. बैठक के दौरान कलेक्टर ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY), लोक निर्माण विभाग (PWD), नगरीय निकाय, जनपद पंचायत और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश से क्षतिग्रस्त हुई सड़कें, पुल-पुलिया, नाले और अन्य शासकीय संरचनाओं की विस्तृत रिपोर्ट तत्काल प्रस्तुत करें, ताकि मरम्मत कार्य बिना देरी शुरू कराया जा सके.
मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर भी कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए. उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में मलेरिया सहित अन्य बीमारियों की जांच, उपचार और स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा. टीएल बैठक में लंबित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर ने पाली और छुरी के सीएमओ को नोटिस जारी करने, वहीं जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) और पाली बीईओ के वेतन रोकने के निर्देश दिए. इसके अलावा नशा मुक्ति अभियान में अपेक्षित रुचि नहीं लेने पर समाज कल्याण विभाग के उप संचालक का वेतन रोकने के भी निर्देश दिए गए.
ये भी पढ़ें- Bastar News: आदिवासी दिवस और बस्तर दशहरा से पहले बवाल! देवस्थल और मुरिया दरबार के नाम पर शुरु हुई तकरार, जानें मामला
