Korba News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बहुत ही दुखद मामला सामने आया है. यहां एक परिवार को कुछ ही घंटों के भीतर अपनी दो बेटियों को खोना पड़ा. डेढ़ महीने की मासूम बच्ची की इलाज की दौरान मौत हो गई. वहीं, छोटी बहन की मौत की खबर सुनकर उसकी 10 साल की बड़ी बहन भी सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकी. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.
सर्दी-खांसी से पीड़ित थी डेढ़ महीने की बच्ची
जानकारी के अनुसार, यह मामला जिले के बांगो थाना क्षेत्र के आमाटिकरा गांव का है. यहां रहने वाले सुखराम (35) रोजी-मजदूरी करके अपने परिवर का पालन और पोषण करते हैं. उनकी दो बेटियां थीं. इनमें बड़ी बेटी रूपकुंवर 10 साल की थी, जबकि छोटी बेटी रानी महज डेढ़ महीने की थी. बताया जा रहा है कि रानी को सर्दी, खांसी और बुखार की शिकायत था. उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे इलाज के लिए पोड़ी-उपरोड़ा अस्पताल में भर्ती कराया था.
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा था इलाज
बच्ची की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तीन दिन पहले मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया था. इसके बाद परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए हॉस्पिटल लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा था. हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद गुरुवार रात मासूम रानी की मौत हो गई. छोटी बेटी की मौत से माता-पिता पहले ही बुरी तरह टूट चुके थे. परिवार के लिए यह किसी बड़े सदमे से कम नहीं था.
बड़ी बेटी ने उठाया कदम
माता-पिता ने गांव में रहने वाले परिजनों को छोटी बच्ची की मौत की सूचना दी. इसी दौरान 10 साल की बड़ी बेटी रूपकुंवर को भी अपनी छोटी बहन रानी की मौत के बारे में पता चला. बताया गया कि दोनों बहनों के बीच काफी लगाव था. छोटी बहन की मौत की खबर सुनकर रूपकुंवर गहरे सदमे में आ गई. इसी दुख के बीच उसने घर पर आत्महत्या कर ली. एक ही परिवार में कुछ घंटों के भीतर दो बेटियों की मौत से हर कोई दुखी है. फिलहाल इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.
