Vistaar NEWS

Korba News: बिजली फॉल्ट के 24 घंटे बाद NTPC कोरबा की 3 यूनिट्स फिर चालू, सभी 7 इकाइयां हो गई थीं ठप

NTPC Korba Plant

कोरबा एनटीपीसी प्लांट

Korba News: छत्तीसगढ़ के कोरबा में स्थित एनटीपीसी के पावर प्लांट में बिजली उत्पादन धीरे-धीरे सामान्य होने लगा है. शुक्रवार शाम तकनीकी खराबी के कारण बंद हुईं सात यूनिट में से तीन को करीब 24 घंटे बाद दोबारा शुरू कर दिया गया है. शनिवार शाम तक दो 500 मेगावाट और एक 200 मेगावाट की यूनिट को सफलतापूर्वक चालू किया गया. बता दें कि बाकी यूनिट को भी सुक्षित तरीके से शुरू करने की प्रक्रिया जारी है.

तकनीकी खराबी के बाद उत्पादन पूरी तरह बंद था

दरअसल, कोरबा के दरी क्षेत्र में स्थित एनटीपीसी पावर प्लांट में शुक्रवार शाम करीब 6 बजे बिजली से जुड़ी तकनीकी समस्या सामने आई थी. इसके बाद प्लांट की सभी सात यूनिट अचानक ट्रिप हो गईं. यूनिट ट्रिप होने के कारण पावर प्लांट में बिजली का उत्पान पूरी तरह बंद हो गया था. घटना के बाद NTPC की तकनीकी टीम ने खराबी को दूर करने और यूनिट को सुरक्षित तरीके से दोबारा शुरू करने का काम शुरू किया.

दो 500 और एक 200 MW यूनिट चालू

एनटीपीसी की जनसंपर्क अधिकारी उष्मा घोष के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6 बजे तक तीन यूनिट को सफलतापूर्वक चालू किया गया है. इनमें 500-500 मेगावाट की दो यूनिट और 200 मेगावाट की एक यूनिट शामिल है. आगे उन्होंने बताया कि बाकी तीन यूनिट को भी एक के बाद एक करके शुरू किया जा रहा है.

एक यूनिट में ओवरहॉलिंग जारी

कोरबा स्थित एनटीपीसी प्लांट की कुल बिजली उत्पादन क्षमता करीब 2600 मेगावाट है. यहां 500 मेगावाट की चार और 200 मेगावाट की तीन यूनिट हैं. हालांकि, 500 मेगावाट की एक यूनिट में 25 अगस्त से ही ओवरहॉलिंग यानी रखरखाव और मरम्मत का काम चल रहा है.

ये भी पढ़ें-Bilaspur: बैंक अधिकारी बताकर रिटायर्ड टीचर से लाखों की ठगी, शातिर ने ये ऐप करवाया था डाउनलोड

खराबी की वजह अब भी साफ नहीं है

फिलहाल प्लांट में हुई तकनीकी खराबी की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है. अधिकारियों का कहना है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारणों की जांच की जा रही है. तकनीकी टीम सभी जरूरी जांच पूरी करने के बाद बाकी यूनिट को भी सुरक्षित तरीके से चालू करने में जुटी हुई है.

Exit mobile version