बिलासपुर में 20 बस संचालकों का ऑफिस सील, 4 साल से नहीं दिया स्टैंड का किराया; 1.67 करोड़ बकाया

प्रशासनिक अमले ने कार्रवाई करते हुए ऑफिस सील कर दिए. निगम के मुताबिक कई बस संचालक ऐसे हैं, जिनपर 23 लाख तक बकाया है.
File Photo.

File Photo.

CG News: बिलासपुर में बस स्टैंड का किराया ना चुकाने वाले बस संचालकों पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. तिफरा हाईटेक बस स्टैंड परिसर में किराया नहीं देने वाले 20 बस संचालकों के ऑफिस सील कर दिए गए हैं. नगर निगम की तरफ से कई बार बस संचालकों को नोटिस दिया गया था. लेकिन किराया ना जमा करने पर कमिश्नर के निर्देश पर कार्रवाई की गई है.

4 सालों में 1.67 करोड़ रुपये बकाया

नगर निगम के मुताबिक इनमें से अधिकतर बस संचालकों ने लगभग चार सालों से किराया नहीं दिया. नोटिस देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला. 20 संचालकों पर लगभग एक करोड़ 67 लाख रुपये बकाया था. इसके बाद भी बस संचालक किराया नहीं दे रहे थे, जिसके कारण राजस्व को नुकसान हो रहा था. ना किराया दिया गया, और ना ही ब्याज चुकाया गया. इस कारण शुक्रवार को प्रशासनिक अमले ने कार्रवाई करते हुए ऑफिस सील कर दिए. निगम के मुताबिक कई बस संचालक ऐसे हैं, जिनपर 23 लाख तक बकाया है.

बस स्टैंड का रख-रखाव और विकास कार्य में दिक्कत हुई

नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि तिफरा हाईटेक बस स्टैंड पर बस संचालकों के किराया ना देने पर राजस्व को काफी नुकसान हो रहा था. बस स्टैंड पर सही से रख-रखाव नहीं हो पा रहा था. निगम को इन जगहों से जो पैसा मिलता है, उसका इस्तेमाल सड़क, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और अन्य सुविधाओं के लिए किया जाता है. लेकिन पैसा ना मिलने से विकास कार्यों में दिक्कत हो रही थी. अधिकारियों का कहना है कि अतिक्रमण करने वाले अन्य दुकानों और संस्थानों पर भी आगे कार्रवाई जारी रहेगी.

ये भी पढ़ें: ‘नवा रायपुर के तूता में विस्थापन की कोई कार्रवाई नहीं’, अतिक्रमण हटाने की खबरों पर NRDA बोला- नियमों के तहत नोटिस दिया

ज़रूर पढ़ें